छत्तीसगढ

आज UP जाएंगे CM भूपेश बघेल : 26 अक्टूबर तक लखनऊ में रहेंगे, सीनियर पदाधिकारियों और रणनीतिकारों से मिलेंगे, प्रियंका गांधी भी रहेंगी मौजूद

रायपुर, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रवाना हो रहे हैं। वे 25 और 26 अक्टूबर को लखनऊ में रहेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस की चुनावी मशीनरी पर काम होगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर हवाई अड्‌डे से विशेष विमान सुबह 10.30 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। यहां से वे मुख्यमंत्री गोमती नगर के निजी होटल पहुंचेंगे।

लखनऊ में कांग्रेस के सीनियर पदाधिकारियों और रणनीतिकारों के साथ उनकी कई दौर की बैठकें तय हैं। इन बैठकों में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद होंगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी का सीनियर ऑब्जर्वर बनाए जाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यह दूसरा दौरा होगा जिसमें वे संगठन पदाधिकारियों से चुनाव के संबंध में बात करेंगे।

इस महीने यह चौथा दौरा होगा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का अक्टूबर महीने में उत्तर प्रदेश का यह चौथा दौरा है। पांच अक्टूबर को मुख्यमंत्री लखीमपुर खीरी जाने के लिए लखनऊ पहुंचे थे। सरकार ने उन्हें हवाई अड्‌डे से बाहर नहीं निकलने दिया। तीन घंटे धरना देकर वे दिल्ली वापस लौट गए। 6 अक्टूबर को वे राहुल गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के साथ दोबारा लखनऊ पहुंचे। वहां से सभी लोग रात तक लखीमपुर खीरी तक पहुंचे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 9 अक्टूबर लखनऊ के कौल हाउस में हुई बैठक में शामिल हुए थे। उस दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रियंका गांधी के साथ बनारस में हुई किसान न्याय सभा में भी शामिल हुए थे।

मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने लखीमपुर खीरी जाकर पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मदद का चेक दिया है।

मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने लखीमपुर खीरी जाकर पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मदद का चेक दिया है।

लखीमपुर के किसानों को मुआवजा दे आए डहरिया

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 6 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी हत्याकांड में मारे गए चार किसानों और एक पत्रकार के परिजनों के लिए 50-50 लाख रुपए आर्थिक मदद की घोषणा की थी। 22 अक्टूबर को मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया उस मदद का चेक लेकर लखीमपुर खीरी पहुंचे। वहां कांग्रेस और किसान नेताओं की मौजूदगी में प्रभावित परिवारों को वह चेक सौंपा।

27 को हिमाचल भी जा सकते हैं मुख्यमंत्री

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का हिमाचल प्रदेश में भी एक कार्यक्रम तय हुआ है। मुख्यमंत्री 27 अक्टूबर को वहां जा सकते हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी में कांग्रेस का एक बड़ा कार्यक्रम होना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button