छत्तीसगढ

नक्सली मुठभेड़ में शहीद वीर जवान श्याम किशोर शर्मा को सलामी देकर सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

राजनांदगांव। अपने कर्तव्य के लिए अदम्य वीरता और पराक्रम से नक्सलियों से लोहा लेते हुए पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए जिले के वीर सपूत उप निरीक्षक श्री श्याम किशोर शर्मा को आज रक्षित-आरक्षी केन्द्र कुरूक्षेत्र राजनांदगांव में पुलिस जवानों द्वारा सलामी देकर सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने शहीद श्याम किशोर शर्मा के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गृहमंत्री श्री साहू ने कहा कि नक्सली मुठभेड़ में वीर जवान दृढ़ता से मुकाबला करते शहीद हुए हैं। ऐसे वीर सपूत को मेरा प्रणाम है और भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे। विधायक मोहला-मानपुर इंद्रशाह मंडावी, विधायक डोंगरगढ़ भूनेश्वर बघेल, विधायक खुज्जी श्रीमती छन्नी साहू, महापौर श्रीमती हेमा देशमुख अन्य जनप्रतिधि, पुलिस महानिदेशक श्री डीएम अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार जुनेजा, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज विवेकानंद सिन्हा, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के डीआईजीपी संजय कोठारी, कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला सहित जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए 2013 बैच के उप निरीक्षक शहीद श्याम किशोर शर्मा सरगुजा जिला के ग्राम खाला के निवासी थे। वर्तमान में वे मानपुर विकासखंड के थाना मदनवाड़ा में थाना प्रभारी के पद पर नियुक्त थे। नक्सली मुठभेड़ में जिले के वीर जवान के शहीद होने से पूरे राज्य व जिले में शोक की लहर व्याप्त है। जनप्रतिनिधि, जिला व पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों एवं नगर के गणमान्य जनों ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी। इसके बाद शहीद के पार्थिव शरीर को हेलीकाप्टर द्वारा उनके गृहग्राम खाला ले जाया गया।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 मई को शाम 7 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली की ग्राम परधोनी थाना मानपुर में 7-8 नक्सली खाना बनाने की तैयारी कर रहे है। इस सूचना पर उप निरीक्षक श्याम किशोर शर्मा (थाना प्रभारी मदनवाड़ा) और उप निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी (थाना प्रभारी कोहका) के नेतृत्व में जिला पुलिस बल के करीब 28 अधिकारी-कर्मचारी ग्राम परधोनी की ओर सर्चिंग के लिए रवाना हुए। पुलिस पार्टी सर्चिंग करते हुए आगे बढ़ रही थी। इसी वक्त करीब रात्रि साढ़े 9 बजे नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को देखकर अंधाधुन फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पार्टी द्वारा कारगर जवाबी कार्रवाई की गई। फायरिंग लगभग 15-20 मिनट तक चली। फायरिंग के बाद घटना स्थल का सर्च किया गया। घटना स्थल से चार नक्सलियों का शव एवं एक नग एके  47 रायफल, एक नग एसएलआर रायफल एवं दो नग 12 बोर बंदूक बरामद किया गया। घटना में उप निरीक्षक श्री श्याम किशोर शर्मा गोली लगने से घायल हो गए और कुछ समय बाद शहीद हो गए।
घटना स्थल से बरामद चार मृत नक्सलियों की पहचान कर ली गई है। इन नक्सलियों में दो पुरूष व दो महिला नक्सली शामिल है। जिन पर कुल 15 लाख रूपए इनाम था। इसमें 8 लाख रूपए के इनामी नक्सली अशोक उर्फ रैनू हुर्रा राजनांदगांव-कांकेर बार्डर डिवीजन कमेटी सदस्य, 5 लाख रूपए के इनामी नक्सली कृष्णा नरेटी कांकेर एरिया कमेटी सदस्य और एक-एक लाख रूपए की इनामी महिला नक्सली सविता सलामे और परमिला मोहला-औंधी संयुक्त एलओएस सदस्य के रूप में पहचान की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button