अंतरराष्ट्रीय

ढांचा विध्वंस केस में आडवाणी, जोशी, उमा भारती समेत सभी आरोपी बरी

लखनऊ, 30 सितंबर। अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को ढहाए गए विवादित ढांचे के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत आज फैसला सुनाया। इस मामले में भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, उमा भारती, विनय कटियार समेत सभी 32 आरोपियों को बरी कर दिया है। 28 वर्ष तक चली सुनवाई के बाद ढांचा विध्वंस के आपराधिक मामले में फैसला सुनाने के लिए सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके यादव ने सभी आरोपियों को आज तलब किया था। हालांकि कई आरोपी आज कोर्ट में पेश नहीं हुए। वहींं, फैसले को लेकर रामनगरी की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

01:39 PM,

सभी उपस्थित 26 लोगों ने मुचलका दाखिल किया

2300 पेज का है फैसला। दोषमुक्त होने के बाद सीआरपीसी के नए प्रावधानों के अनुसार 50 हजार की एक जमानत एवं एक निजी मुचलका सभी उपस्थित 26 लोगों की ओर से दाखिल किया गया।

01:28 PM,

लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, जय श्रीराम

ढांचा विध्वंस पर 28 साल बाद आए फैसले पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि स्पेशल कोर्ट का फैसला अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम सब के लिए यह बहुत खुशी का दिन है। जब यह समाचार सुना तो इसका स्वागत किया। बहुत समय बाद मिला अच्छा समाचार मिला, जय श्रीराम।

01:20 PM,

देर से ही सही मगर न्याय की जीत हुई है: राजनाथ

लखनऊ की विशेष अदालत द्वारा बाबरी मस्जिद विध्वंस केस में लालकृष्ण आडवाणी, कल्याण सिंह, डा. मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती समेत 32 लोगों के किसी भी षड्यंत्र में शामिल न होने के निर्णय का मैं स्वागत करता हूं। इस निर्णय से यह साबित हुआ है कि देर से ही सही मगर न्याय की जीत हुई है।
कोर्ट ने आरोपियों को बरी कर दिया है ये अच्छी बात है: इकबाल अंसारी

ढांचा विध्वंस मामले में इकबाल अंसारी का कहना है कि कोर्ट ने आरोपियों को बरी कर दिया है ये अच्छी बात है, हम इसका सम्मान करते हैं।

एलके आडवाणी के घर पहुंचे कानून मंत्री रवि शंकर

कानून एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के आवास पर पहुंचे, जिन्हें 31 अन्य आरोपियों के साथ आज लखनऊ की विशेष सीबीआई अदालत द्वारा ढांचा विध्वंस मामले में बरी कर दिया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा सत्य की जीत हुई

बाबरी विध्वंस पर आए फैसले पर सीएम योगी ने कहा कि यह सत्य की जीत है।

12:56 PM,

6 दिसंबर 1992 को अनहोनी की थी आशंका

एलआईयू की रिपोर्ट में पहले से 6 दिसंबर 1992 को अनहोनी की आशंका थी, लेकिन उसकी जांच नहीं की गई। फोटो कॉपी की मूल नहीं प्रस्तुत की गई, ऋतम्बरा व कई अन्य अभियुक्तों के भाषण के टेप को सील नहीं किया गया।

12:49 PM,

अखबारों को साक्ष्य नहीं माना

अखबारों को साक्ष्य नहीं माना गया है। वीडियो कैसेट के सीन भी स्पष्ट नहीं, कैसेट्स को सील नहीं किया गया।

12:42 PM,

विवादित ढांचा के पीछे से पथराव शुरू हुआ

कारसेवकों के दोनों हाथ व्यस्त रखने के लिए जल और फूल लाने को कहा गया था। 12 बजे विवादित ढांच के पीछे से पथराव शुरू हुआ। अशोक सिंघल ढांचे को सुरक्षित रखना चाहते थे क्योंकि ढांचे में मूर्तियां थीं।

12:38 PM,

अमित शाह और जेपी नड्डा ने की आडवाणी से बात

ढांचा विध्वंस पर आए फैसले के बाद गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लाल कृष्ण आडवाणी से बात की है।

12:32 PM,

सीबीआई के पास आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत नहीं

कोर्ट ने यह माना है कि सीबीआई द्वारा लगाए गए आरोपों के खिलाफ ठोस सबूत नहीं। कुछ अराजक तत्वों ने इस कार्य को अंजाम दिया था।

12:23 PM,

आडवाणी, जोशी, उमा भारती सहित सभी आरोपियों को बरी कर दिया

अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को ढहाए गए विवादित ढांचे के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत फैसला सुनाते हुए आडवाणी, जोशी, उमा भारती सहित सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।

12:19 PM,

कोर्ट में फैसला सुनाने की प्रक्रिया शुरू

कोर्ट में फैसला सुनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जज ने अपनी पहली टिप्पणी में कहा कि यह घटना पूर्व नियोजित नहीं थी।

12:16 PM,

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता मनीष कोर्ट में मौजूद

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता मनीष कुमार त्रिपाठी, केके मिश्रा, विमल श्रीवास्तव, अभिषेक रंजन, मृदुल राकेश, आईपी सिंह, अभय प्रताप सिंह, शंकर लाल लोधी, प्रशांत सिंह अटल इत्यादि मौजूद हैं।

12:15 PM,

दोषमुक्त होने पर भी अभियुक्तों को देनी होगी जमानत

दोषमुक्त किए जाने की परिस्थिति में भी धारा 437ए सीआरपीसी के तहत अभियुक्तों को देनी होगी जमानत।

12:11 PM,

आरोपियों की उपस्थिति बन रही फैसले में देरी का कारण

जब भी किसी मामले में फैसला सुनाया जाता है तो अदालत में आरोपी का उपस्थित होना जरूरी होता है। इसी कारण से अब जो आरोपी अदालत में उपस्थित नहीं है उनको फैसले की जानकारी कैसे दी जाए इस बात की तैयारी चल रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोड़कर भी उन्हें इस बारे में बताया जा सकता है। इसी प्रकिया के कारण फैसला आने में देरी हो रही है।

12:05 PM,

कोर्ट में उपस्थिति के लिए माफी की अर्जी

आडवाणी, जोशी, उमा भारती, कल्याण सिंह, नृत्य गोपाल दास और सतीश प्रधान ने कोर्ट में उपस्थित न होने की अर्जी दी। ज्यादातर लोगों ने इसके पीछे स्वास्थ्य कारणों को बताया है।
11:52 AM,

17 आरोपियों की हो चुकी है मौत

6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में मस्जिद का ढांचा गिराया गया था और इस केस में 49 आरोपी बनाए गए थे। इनमें से 17 की मौत हो चुकी है और बचे हुए 32 आरोपियों पर फैसला आना है।

11:43 AM,

बचे हुए 6 आरोपियों को भेजा जा सकता है लिंक

आडवाणी, जोशी, उमा भारती, नृत्य गोपाल दास, कल्याण सिंह और सतीश प्रधान को अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए लिंक भेजा सकता है। अगर ऐसा किया जाता है तो फैसला आने में थोड़ा वक्त लगेगा।

11:35 AM,

कोर्ट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। इस बात की तैयारी भी है कि आरोपियों के बाहर आने के बाद वो मीडिया से मुखातिब होंगे और इस स्थिति को संभाला जा सके।

11:27 AM,

26 अभियुक्त अदालत पहुंचे

आडवाणी, जोशी, उमा भारती, नृत्य गोपाल दास, कल्याण सिंह और सतीश प्रधान को छोड़कर सभी 26 अभियुक्त अदालत में आ गए है।

11:23 AM,

जज ने हाजिर होने संबंधी जानकारी पेशकार से मांगी

विशेष जज एसके यादव ने सभी अभियुक्तों के हाजिर होने की जानकारी पेशकार से मांगी। बचाव पक्ष के वकीलों ने पेशकार को बताया कि आने वाले अभियुक्तों में दो लोग आने वाले हैं। जज फिलहाल अपने चैंबर में ही उपस्थित हैं।

11:14 AM,

सबसे पहले आरोपियों की उपस्थिति होगी दर्ज

अदालत द्वारा इस बात की जानकारी मांगी जाती है कि कौन-कौन से आरोपी उपस्थित हैं। सबसे पहले आरोपियों की उपस्थिति दर्ज की जाती है। उसके बाद ही फैसले की जानकारी दी जाएगी।

11:10 AM,

जज एसके यादव कुछ समय बाद सुनाएंगे फैसला

जज एसके यादव अदालत पहुंच चुके हैं और कुछ समय बाद फैसला सुनाएंगे। फैसले की पूरी कॉपी जज पढ़कर नहीं सुनाएंगे केवल मुख्य बिंदुओं की जानकारी देंगे।

11:06 AM,

साक्षी महाराज भी सीबीआई कोर्ट पहुंचे

ढांचा विध्वंस मामले में आरोपी साक्षी महाराज भी सीबीआई कोर्ट में पहुंचे। अब सभी आरोपी अदालत पहुंचे। कुछ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फैसले को सुनेंगे।

11:01 AM,

आडवाणी, जोशी और उमा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे

ढांचा विध्वंस मामले में फैसला सुनने के लिए पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह व पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती कोर्ट में मौजूद नहीं रहेंगी। ये सभी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फैसला सुनेंगे। इनके उपस्थित न होने की जानकारी पहले ही कोर्ट को दी जा चुकी है।

10:57 AM,

सजा होगी तो जेल जाएंगे: कटियार

ढांचा विध्वंस मामले में आरोपी विनय कटियार भी लखनऊ में सीबीआई अदालत पहुंच गए हैं। यहां पहुंचने से पहले उन्होंने एक टीवी चैनल से बात बात करते हुए कहा कि सजा होगी तो जेल जाएंगे, छूटते हैं तो देखेंगे और बेल होगी तो ले लेंगे। हमने कोई अपराध ही नहीं किया है। वहां पर मंदिर था और मंदिर बनेगा। सोमनाथ मंदिर की तरह बढ़िया मंदिर बनेगा, ऐसी कल्पना है।

10:53 AM,

आगरा में प्रशासन अलर्ट

अयोध्या ढांचा विध्वंस मामले में आज अदालत का फैसला आना है। इसको लेकर मंगलवार से ही आगरा पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। जिले में सेक्टर स्कीम लागू कर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई।

10:51 AM,

प्रयागराज में हाईअलर्ट

अयोध्या में ढांचा विध्वंस मामले के संभावित फैसले के मद्देनजर प्रयागराज में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। एडीजी जोन प्रेमप्रकाश ने मंगलवार देर रात ऑनलाइन मीटिंग आयोजित कर निर्देशित किया कि सभी आठ जनपदों को जोनल व सेक्टर स्कीम बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की जाए। संवेदनशील स्थानों पर फोर्स की तैनाती के साथ ही अफसर खुद गश्त पर रह कर मॉनिटरिंग करें।

10:46 AM,

आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और कल्याण सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनेंगे फैसला

मामले में आरोपी लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फैसला सुनेंगे।

10:42 AM,

संतोष दुबे व कमलेश त्रिपाठी कोर्ट पहुंचे

ढांचा विध्वंस मामले में आरोपी संतोष दुबे और कमलेश त्रिपाठी भी सीबीआई कोर्ट पहुंच गए हैं।

10:38 AM,

विनय कटियार और राम विलास वेदांती समेत ये आरोपी कोर्ट पहुंचे

विनय कटियार, धर्मेंद्र देव, जय भान सिंह पवैया, धर्मदास, जय भगवान गोयल, अमरनाथ गोयल, सुधीर कक्कड़, रामचंद्र खत्री, राम विलास वेदांती, लल्लू सिंह और ओमप्रकाश पांडे कोर्ट पहुंचे।

10:35 AM,

साध्वी ऋतम्भरा भी कोर्ट पहुंची

ढांचा विध्वंस मामले में आरोपी साध्वी ऋतम्भरा भी कोर्ट पहुंच गई हैं। पवन पांडेय भी कोर्ट पहुंच गए हैं।

10:33 AM,

कोर्ट पहुंचे चंपत राय

चंपत राय, जय भगवान गोयल, रामजी गुप्ता सीबीआई कोर्ट पहुंचे।

10:31 AM,

अयोध्या में कड़ी सुरक्षा

ढांचा विध्वंस मामले में फैसले को लेकर अयोध्या में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। यहां आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है।

10:31 AM,

कोर्ट पहुंचे जज

सीबीआई के स्पेशल जज सुरेंद्र कुमार यादव कोर्ट पहुंच गए हैं। अदालत 10:30 बजे बैठेगी। इसके बाद फैसला पढ़ना शुरू होगा।

10:30 AM,

प्रकाश शर्मा कानपुर से लखनऊ के लिए निकले

सीबीआई कोर्ट के लिए हिन्दू वादी नेता प्रकाश शर्मा कानपुर से रवाना हो गए हैं। अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस के दौरान प्रकाश बजरंग दल के संयोजक थे।

10:30 AM,

विनय कटियार, चंपत राय, महंत धर्मदास, राम विलास वेदांती लखनऊ पहुंचे

ढांचा विध्वंस मामले में आज विशेष सीबीआई अदालत फैसला सुनाएगी। मामले के अभियुक्त भाजपा नेता विनय कटियार, सांसद लल्लू सिंह, विहिप नेता चंपत राय तथा महंत धर्मदास, राम विलास वेदांती और पवन पांडे लखनऊ पहुंचे।

09:51 AM,

ढांचा विध्वंस पर 28 साल बाद फैसला, आडवाणी, जोशी, उमा भारती सहित सभी आरोपी बरी

कोर्ट में मौजूद नहीं रहेंगे आडवाणी और जोशी
मामले में वकील केके मिश्रा ने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, कल्याण सिंह और राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के आज ढांचा विध्वंस मामले में फैसला सुनाने जा रही अदालत में हाजिर होने की संभावना कम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button