मौसम का हाल : पहली बार अक्टूबर की रातें 10 वर्षों में सबसे गर्म

रायपुर, 20 अक्टूबर। इस साल अक्टूबर में रात का तापमान पिछले सालों के औसत न्यूनतम तापमान से ज्यादा है। 10 साल में ऐसा पहली बार है, जब मानसून वापसी के बावजूद लगातार बादल आने और नमी की वजह से रात का तापमान गिरना तो दूर, लगातार सामान्य से ज्यादा है यानी रातें गर्म हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में जब तक नमी रहेगी, तब तक रात का तापमान ज्यादा रहेगा और ठंड गायब रहेगी।
सर्दी शुरू होने के बाद उत्तरी हवा से रात का तापमान गिरने लगता है, लेकिन नमी बढ़ने के साथ ही रात के तापमान में वृद्धि होने लगती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नमी की वजह से बादल बनते हैं और ये बादल वातावरण के ऊपर एक परत के रूप में फैले रहते हैं।
इनकी वजह से जमीन की गर्मी ऊपर नहीं उठ पाती और वातावरण गर्म रहता है। अभी ऐसा ही हो रहा है। इसलिए पिछली रात रायपुर में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से अधिक है। पिछले 10 सालों के अक्टूबर में रात के तापमान का औसत देखा गया तो 19 अक्टूबर का न्यूनतम तापमान औसत से अधिक था।
पिछले 10 साल में रात का औसत न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रहा है। जबकि इस बार अक्टूबर में अब तक न्यूनतम तापमान औसतन 25 डिग्री के आसपास चल रहा है। इसी तरह, अक्टूबर में न्यूनतम तापमान 2019 में 21.6 डिग्री रहा है, जिसकी इस साल अब तक कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
रात ही नहीं, बल्कि दिन का तापमान भी सामान्य से ज्यादा है। जैसे, मंगलवार को दोपहर का तापमान 32.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। लेकिन रात का पारा 25 डिग्री से अधिक रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। अक्टूबर के 19 दिनों का तापमान देखें तो इस लिहाज से एक दशक में इस बार का अक्टूबर सबसे गर्म है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में दिन व रात का तापमान गिरेगा। इससे हल्की ठंड लगेगी। अच्छी ठंड के लिए लोगों को अभी इंतजार करना होगा। राजधानी में अमूमन दिसंबर के अंत में अच्छी ठंड पड़ती है। हालांकि अक्टूबर के आखिरी सप्ताह से हल्की ठंड लगने लगती है। अक्टूबर को गुजरने में 12 दिन बाकी हैं, लेकिन फिलहाल ऐसा नजर नहीं आ रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिन तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है। बस्तर में जरूर कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आएगी। इससे बस्तर संभाग में हल्की ठंड बढ़ेगी। राजधानी में अभी हल्की ठंड के लिए भी इंतजार करना होगा।
इस माह 27 मिमी बारिश, इसलिए रात में ठंडक नहीं
अक्टूबर में अभी तक 27.3 मिमी बारिश हो चुकी है। 2014 में सबसे ज्यादा 137.4 मिमी व पिछले साल 111.3 मिमी बारिश हुई थी। 2011 में 58.3, 2012 में 6.6, 2013 में 19.3, 2015 में 76.4, 2017 में 73.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। गौर करने वाली बात ये है कि 2016 व 2019 में अक्टूबर में पानी ही नहीं गिरा। मौसम विभाग के रिकार्ड में दोनों साल शून्य बारिश वाले हैं। इस साल बारिश से केवल धान ही नहीं, सब्जियों को अच्छा खासा नुकसान भी पहुंचा है।