राष्ट्रीय

यूपी BJP कार्यसमिति का फैसला: कोई भी पदाधिकारी या उसके परिवार का सदस्य नहीं लड़ेगा पंचायत चुनाव, यदि मैदान में उतरे तो पद का मोह छोड़ना होगा

लखनऊ, 15 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के एक दिवसीय प्रदेश कार्य समिति बैठक का आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ लखनऊ के सांसद और केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस मौके पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि कोई भी पदाधिकारी पंचायत चुनाव नहीं लड़ेगा। यदि कोई चुनाव लड़ना ही चाहता है तो उसे अपने पद से इस्तीफा देना होगा। इसके अलावा सरकार के चार साल पूरे होने पर उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।

BJP 3051 जिला पंचायत पद पर लड़ेगी चुनाव

कार्यसमिति में यह भी तय हुआ है कि BJP पदाधिकारी के परिवार का कोई सदस्य भी पंचायत चुनाव नहीं लड़ सकेगा। भाजपा सरकार पूरे दमखम के साथ 3,051 जिला पंचायत सदस्यों के पद के लिए चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा 826 ब्लॉक प्रमुख पद पर भी प्रत्याशी उतारे जाएंगे। बीडीसी और प्रधानी पद पर कैंडिडेट को समर्थन दिया जाएगा।

7 अभियान चलाएगी

19 मार्च को सभी जिलों और सभी विधानसभा क्षेत्रों में यूपी सरकार के 4 साल पूरे होने पर कार्यक्रम होंगे। प्रभारी मंत्री, विधायक और सांसद शामिल होंगे।

20 मार्च को 403 विधानसभा में पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी का कार्यक्रम होगा। जहां पर भाजपा के विधायक नहीं है, वहां सांसद और MLC रहेंगे।
21 मार्च को प्रदेश पदाधिकारी किसानों के बीच जाएंगे। 826 ब्लॉक में ये कार्यक्रम होंगे। किसानों को बताया जाएगा कि उनके लिए सरकार ने क्या किया है।
22 मार्च को युवाओं के बीच कार्यक्रम किया जाएगा और उन्हें रोजगार और व्यवसाय के बारे में बताया जाएगा।
23 मार्च को 1,918 मंडल जो भाजपा ने बनाए हैं, वहां महिलाओं के साथ कार्यक्रम होंगे।
24 मार्च को रेहड़ी, खोमचे वाले लोगों के बीच कार्यक्रम होंगे और उन्हें जो लोन दिया गया है उसके बारे में बताया जाएगा।
25 और 26 मार्च को सभी बूथों पर सम्पर्क अभियान किया जाएगा। जिसका लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button