बिलासपुर, 28 मई। Arrest via Drone Camera : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बेलगहना चौकी क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जंगल में छिपकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बेलगहना पुलिस ने ड्रोन की मदद से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 की शाम आरोपी रंजीत यादव उर्फ दउआ (20 वर्ष), निवासी सक्तीबहरा, चौकी बेलगहना, थाना कोटा, बच्ची को घुमाने का झांसा देकर मोटरसाइकिल में बैठाकर ले गया। आरोप है कि वह उसे सुनसान खेत में ले गया और जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद अगले दिन सुबह पीड़िता को उसके घर छोड़ दिया।
रातभर तलाश के बाद बच्ची ने बताई आपबीती
परिजन रातभर बच्ची की तलाश करते रहे। घर लौटने पर पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद 24 मई को थाना कोटा में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 64 बीएनएस एवं 04, 06 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। घटना बेलगहना चौकी क्षेत्र की होने के कारण केस डायरी वहां भेजी गई।
ड्रोन से हुई तलाश
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर जंगल की ओर भाग निकला। घने जंगल में तलाश में कठिनाई आने पर पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद ली। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को 25 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी के पूरे स्टाफ की अहम भूमिका रही।

