IRCTC Logo Misuse : रेलवे के नाम पर चाय कप घोटाला…! कम साइज के कप बनाकर यात्रियों से हो रही थी ठगी…14 बोरे कप जब्त…रायपुर में बड़ी कार्रवाई…यहां देखें VIDEO

IRCTC Logo Misuse : रेलवे के नाम पर चाय कप घोटाला…! कम साइज के कप बनाकर यात्रियों से हो रही थी ठगी…14 बोरे कप जब्त…रायपुर में बड़ी कार्रवाई…यहां देखें VIDEO

रायपुर, 30 मई। IRCTC Logo Misuse : रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को कम क्षमता वाले चाय कप में पेय पदार्थ परोसने का मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

जांच में खुलासा हुआ कि IRCTC और रेलवे के लोगो का दुरुपयोग कर निर्धारित 170/150 ML की जगह कम क्षमता वाले पेपर कप बनाए जा रहे थे। रायपुर रेल मंडल और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में 14 बोरे संदिग्ध कप जब्त किए गए हैं।

स्टेशन पर चाय कप की क्षमता पर हुआ शक

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी को रायपुर स्टेशन के स्टॉल में इस्तेमाल हो रहे चाय कप की क्षमता पर संदेह हुआ। जांच के दौरान पता चला कि कप की सप्लाई नर्मदापारा स्थित रवि ट्रेडिंग द्वारा की जा रही थी। पूछताछ में सामने आया कि कप गुढ़ियारी की आदित्य पेपर फर्म से खरीदे गए थे।

IRCTC लोगो का अवैध इस्तेमाल

जांच टीम ने पाया कि आदित्य पेपर फर्म में IRCTC के लोगो वाले कप निर्धारित मापदंड से कम क्षमता में तैयार किए जा रहे थे। इसके बाद SDM रायपुर, नापतोल विभाग, रेलवे वाणिज्य विभाग और RPF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 14 बोरे कप जब्त कर सील कर दिए। नापतोल विभाग ने कपों की क्षमता जांचने के लिए सैंपल भी लिए हैं।

रेलवे ने दी सख्त चेतावनी

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवा देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। फर्जी ब्रांडिंग, कम मात्रा और रेलवे लोगो के दुरुपयोग को गंभीर अपराध माना जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 139 या रेल मदद पर दें।

About The Author

छत्तीसगढ