रायपुर, 11 मई। DRUCC Meeting : रायपुर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (DRUCC) के सदस्यों ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को विस्तृत मांग पत्र सौंपा है।
लोकेश चंद्रकांत जैन और जितेंद्र शादीजा ने संयुक्त रूप से रेलवे महाप्रबंधक से मुलाकात कर रायपुर रेलवे स्टेशन समेत अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा और अधोसंरचना सुधार की मांग उठाई।
सदस्यों ने बताया कि पिछले चार वर्षों में रायपुर स्टेशन पर यात्रियों की संख्या दोगुनी हो गई है, जिसके चलते वर्तमान ATVM मशीनें अपर्याप्त साबित हो रही हैं। उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर 2 से 7 तक शेड विस्तार और गर्मी से राहत के लिए वॉटर स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने की मांग की।
DRUCC की प्रमुख मांगें
- रायपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और अमृतसर के लिए नई ट्रेनें
- दुर्ग-टाटानगर और दुर्ग-भोपाल रूट पर नई वंदे भारत एक्सप्रेस
- प्लेटफॉर्म पर “जनता खाना” स्टॉल
- छोटे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए रात्रि पेट्रोलिंग
- स्टेशन के बाहर प्रीपेड ऑटो-टैक्सी बूथ
- QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम
- “एक स्टेशन एक उत्पाद” योजना के तहत छत्तीसगढ़ी उत्पादों के स्टॉल
सदस्यों ने स्टेशन परिसर के आसपास जर्जर सड़कों की मरम्मत और प्लेटफॉर्म को शॉर्टकट मार्ग की तरह इस्तेमाल होने से रोकने की भी मांग की। रेलवे महाप्रबंधक ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

