रायपुर, 09 जुलाई। Dumartarai Wholesale Market : छत्तीसगढ़ की व्यापारिक व्यवस्था को नई मजबूती देने की दिशा में गुरुवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित डुमरतराई थोक बाजार (फेस-II) का नामकरण एवं लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस बाजार को प्रदेश के व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे व्यापार को नई रफ्तार मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू सहित विभिन्न आयोगों, मंडलों, बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में समारोह में शामिल हुआ। चेम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि नवनिर्मित आधुनिक थोक बाजार प्रदेश के व्यापारियों को बेहतर अधोसंरचना, सुव्यवस्थित व्यापारिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से व्यापार को नई गति मिलेगी, कारोबार का विस्तार होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बड़ी संख्या में चेम्बर पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में चेम्बर के सलाहकार अमर गिदवानी, मोहनलाल तेजवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष टी. श्रीनिवास रेड्डी, तनेश आहूजा, हरीश तोलानी, दिलीप इसरानी, राजेश पोपटानी, जवाहर थारानी, विनय कुमार साहू, मंत्री अमर बरलोटा, प्रशांत गुप्ता, गुलाबचंद्र साहू, धनेश मटलानी, जतिन नचरानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

