Raksha Bandhan पर दिल दहला देने वाली घटना, बेटे के सुसाइड के बाद मां-बाप भी ट्रेन के सामने कूदकर दी जान; 3 मौतों से दहला इलाका

Raksha Bandhan पर दिल दहला देने वाली घटना, बेटे के सुसाइड के बाद मां-बाप भी ट्रेन के सामने कूदकर दी जान; 3 मौतों से दहला इलाका

दमोह, 28 अगस्त। Raksha Bandhan: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के दमोह जिले से बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पहले एक युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। बेटे की मौत की खबर से सदमे में आए माता-पिता की भी कुछ ही समय बाद रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रक्षाबंधन के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए परिवार का छोटा भाई अपनी बहन को लेने दूसरे जिले गया हुआ था। इसी दौरान घर पर यह दर्दनाक घटना घटित हो गई।

बताया जा रहा है कि करैया गांव के पास मुकेश अहिरवार नामक युवक ट्रेन के आगे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसके माता-पिता भारत अहिरवार और उमा अहिरवार गहरे सदमे में आ गए। इसके कुछ ही समय बाद दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के धरमपुरा फाटक के पास भारत अहिरवार और उमा अहिरवार भी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच

घटना के पीछे की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर मामले को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस और GRP जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और GRP की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार के अनुसार, घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है।रक्षाबंधन जैसे खुशी के पर्व पर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने पूरे दमोह जिले को झकझोर कर रख दिया है।

About The Author

मध्यप्रदेश