रामपुरहाट, 01 सितंबर। Mamata Banerjee Family Tragedy: पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट से एक दुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के रिश्तेदार की बेटी बृष्टि घटक मुखर्जी का शव मंगलवार सुबह उनके घर पर मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार के अनुसार, बृष्टि पिछले कुछ महीनों से अपने पिता के घर पर रह रही थीं। उनकी निजी जिंदगी में भी तनाव चल रहा था और पति से तलाक का मामला न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है।

सुबह सामान्य थीं, फिर ऊपर के कमरे में मिलीं मृत
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबह बृष्टि सामान्य रूप से परिवार के सदस्यों से बातचीत कर रही थीं। बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे वह घर की ऊपरी मंजिल पर गईं। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर परिजन उन्हें देखने पहुंचे, जहां उनका शव मिला। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
तलाक का मामला और पारिवारिक तनाव
परिवार के सदस्यों का कहना है कि बृष्टि की वैवाहिक जिंदगी में लंबे समय से परेशानियां चल रही थीं। पति से अलगाव के बाद तलाक से जुड़ा मामला भी चल रहा था। परिवार के अनुसार, बृष्टि के बच्चे भी हैं। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
नौकरी को लेकर भी पहले आ चुकी थीं चर्चा में
बृष्टि घटक मुखर्जी इससे पहले वर्ष 2023 में भी चर्चा में आई थीं। वह बोलपुर अपर प्राइमरी स्कूल में ग्रुप-C कर्मचारी के रूप में नियुक्त हुई थीं। बाद में हाई कोर्ट के आदेश के बाद बड़ी संख्या में नौकरियां रद्द होने के मामले में उनकी नियुक्ति भी चर्चा में आई थी। उस समय परिवार की ओर से कहा गया था कि उन्हें किसी विशेष सिफारिश के आधार पर नौकरी नहीं मिली थी और उन्होंने निजी व स्वास्थ्य संबंधी कारणों से नौकरी छोड़ने का फैसला किया था।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, इस घटना से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।

