Rajnandgaon Accident: स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के 3 भाई-बहनों की मौत; एक बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम, 4 मौतों से दहला इलाका

Rajnandgaon Accident: स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के 3 भाई-बहनों की मौत; एक बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम, 4 मौतों से दहला इलाका

राजनांदगांव, 02 सितंबर। Rajnandgaon Accident: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। छुरिया थाना क्षेत्र के शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर स्कॉर्पियो और बाइक की जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो सवार एक बुजुर्ग ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

त्योहार की खरीदारी कर गांव लौट रहे थे तीनों भाई-बहन

जानकारी के अनुसार, ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19), भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी (23) और टिकेश्वरी साहू उर्फ डिकेश्वरी (25) सगे भाई-बहन थे। दोनों बहनें शादीशुदा थीं और त्योहार मनाने के लिए मायके आई हुई थीं। 1 सितंबर की शाम तीनों बाइक से छुरिया त्योहार की खरीदारी करने गए थे। खरीदारी के बाद वे वापस अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे।

नहर के पास स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दो की मौके पर मौत, घायल बहन ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में संदीप साहू और भारती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की एक साथ मौत हो गई।

स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग की भी मौत

टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। वाहन में चार लोग सवार थे। इनमें भोलापुर निवासी 65 वर्षीय कमल बंजारे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस भीषण सड़क हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई।

अंधेरा और तेज रफ्तार को माना जा रहा वजह

शुरुआती जांच में हादसे की वजह अंधेरा और वाहनों की तेज रफ्तार मानी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही छुरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तीन भाई-बहनों की मौत से गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की एक साथ मौत की खबर से ग्राम गहिराभेड़ी में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को तीनों का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

डॉ. रमन सिंह ने जताया गहरा दुख

हादसे पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में संदीप साहू, भूपेश्वरी साहू और डिकेश्वरी साहू के असामयिक निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों का इस तरह असमय चले जाना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

About The Author

छत्तीसगढ