रायपुर, 11 सितंबर। Death of a Constable in Raipur: राजधानी रायपुर के मोवा स्थित बालाजी अस्पताल में हार्ट का इलाज कराने पहुंचे एक आरक्षक ने अस्पताल की बिल्डिंग से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में आरक्षक को आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान देव नारायण सिंह के रूप में हुई है, जो जशपुर में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि देव नारायण सिंह का दो दिन बाद हार्ट का ऑपरेशन होना था। ऑपरेशन से पहले ही उन्होंने अस्पताल की बिल्डिंग से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल की पहली मंजिल से लगाई छलांग
जानकारी के मुताबिक, घटना 10 सितंबर, गुरुवार की है। देव नारायण सिंह हार्ट के उपचार के लिए मोवा स्थित बालाजी अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल की पहली मंजिल से उन्होंने नीचे छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन आज इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आत्मघाती कदम क्यों उठाया? जांच में जुटी पुलिस
आरक्षक देव नारायण सिंह ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना से पहले उनके साथ क्या हुआ था और किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पंडरी-मोवा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही आरक्षक के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

