Raigarh PDS Scam: चावल-नमक-शक्कर में ₹31.75 लाख की गड़बड़ी! ई-पॉस में फिंगर लगवाकर राशन नहीं देने का आरोप, 2 महिलाएं गिरफ्तार

Raigarh PDS Scam: चावल-नमक-शक्कर में ₹31.75 लाख की गड़बड़ी! ई-पॉस में फिंगर लगवाकर राशन नहीं देने का आरोप, 2 महिलाएं गिरफ्तार

रायगढ़, 14 सितंबर। Raigarh PDS Scam: जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ससकोबा और गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में जांच के दौरान करीब ₹31.75 लाख कीमत के चावल, नमक और शक्कर की कमी मिली है। आरोप है कि कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगर लगवाने के बाद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया।

रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

ससकोबा में ₹12.89 लाख का खाद्यान्न कम

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की। भौतिक सत्यापन में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला। इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब ₹12,89,375 आंकी गई है।

जांच में अगस्त 2026 के दौरान हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगर लगवाने के बाद राशन वितरित नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। खाद्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। वहीं विक्रेता बिहारी राठिया फरार है और उसकी तलाश जारी है।

गनपतपुर में ₹18.86 लाख का खाद्यान्न गायब

ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में भी बड़ी कमी सामने आई। यहां 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया।

खाद्य विभाग के अनुसार, इस खाद्यान्न की कुल कीमत करीब ₹18,86,345 है। दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान द्वारा किया जाना पाया गया। मामले में शासकीय खाद्यान्न के गबन और PDS नियमों के उल्लंघन को लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई है। संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है।

दो अलग-अलग मामले दर्ज

दोनों मामलों में रैरूमाखुर्द चौकी, थाना धरमजयगढ़ में क्रमशः अपराध क्रमां 288/2026 और 289/2026 दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, ससकोबा मामले में फरार विक्रेता बिहारी राठिया के अलावा गनपतपुर मामले में रूबीना खान, शाहिन खान और शहनवाज खान की गिरफ्तारी शेष है।

SSP का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले राशन में किसी भी तरह की हेराफेरी या गबन करने वालों पर प्रशासन और पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author

जुर्म