लॉस एंजिल्स, 16 सितंबर। Los Angeles Helicopter Crash: अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मंगलवार, 15 सितंबर को बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हो गया। NBC न्यूज के लिए इस्तेमाल किया जा रहा हेलिकॉप्टर चैट्सवर्थ इलाके में एक स्टोरेज फैसिलिटी के पास पार्किंग एरिया में क्रैश हो गया। हादसे में कम से कम 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त न्यूज टीम पास में हुए एक बस हादसे की रिपोर्टिंग कर रही थी। इस बस हादसे में भी कम से कम 2 लोगों की मौत और 6 लोग घायल हुए थे।
NBC4 लॉस एंजिल्स की एंकर कोलीन विलियम्स ने लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान बताया कि स्टेशन का हेलिकॉप्टर शाम करीब 7 बजे से कुछ पहले दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के बाद लाइव कवरेज कुछ देर के लिए अचानक रुक गई।
कैमरे में कैद हुए हादसे के आखिरी पल
हेलिकॉप्टर के अंदर से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में हेलिकॉप्टर बस हादसे वाली जगह के ऊपर मंडराता नजर आता है। इसके बाद कैमरा तेजी से हिलता है और हेलिकॉप्टर नीचे गिरता दिखाई देता है। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता कैप्टन ब्रैंडन सिल्वरमैन के मुताबिक, हेलिकॉप्टर एक बड़ी बिल्डिंग की पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के पास या उन पर गिरा। हादसे के बाद 50 से ज्यादा दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे।
आग की वजह से चार गाड़ियों और दो स्टोरेज कंटेनरों को नुकसान पहुंचा। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हेलिकॉप्टर लगभग पूरी तरह नष्ट हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक मलबा हटाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय हेलिकॉप्टर में कितने लोग सवार थे। हादसे की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) करेंगे।

