बिलासपुर, 17 सितंबर। Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की पात्रता जांच के दौरान 542 महिलाएं अपात्र पाई गई हैं। जिले में योजना का लाभ ले रहीं 4 लाख 17 हजार 902 महिलाओं के सत्यापन के दौरान ये मामले सामने आए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपात्र हितग्राहियों से अब तक करीब 30 लाख रुपये की वसूली की है।
अधिकारियों के मुताबिक अपात्र हितग्राहियों की पहचान और वसूली की कार्रवाई लगातार जारी है। शेष हितग्राहियों के सत्यापन के बाद अपात्रता के कुछ और मामले सामने आने की संभावना जताई गई है।
31 किश्तों में 12.16 अरब रुपये का भुगतान
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। राशि सीधे आधार लिंक बैंक खातों में जमा की जाती है। बिलासपुर जिले में योजना के तहत अब तक 31 किश्तों में करीब 12.16 अरब रुपये हितग्राहियों के खातों में जमा किए जा चुके हैं।
मृत हितग्राहियों के खातों से राशि निकालने के मामले भी मिले
पात्रता जांच के दौरान ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें योजना का लाभ लेने वाली कुछ हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद उनके बैंक खातों से योजना की राशि आहरित की गई। विभाग ने ऐसे मामलों में संबंधित उत्तराधिकारियों से राशि की वसूली की है। अब तक इस तरह के मामलों में 7 लाख 60 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है।
98.58 प्रतिशत हितग्राहियों का सत्यापन पूरा
महतारी वंदन योजना में पात्रता जांच के लिए KYC को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। जिले में योजना से जुड़ी 4,17,902 महिलाओं में से 4,11,989 की KYC पूरी हो चुकी है। इस तरह जिले में 98.58 प्रतिशत हितग्राहियों का सत्यापन पूरा हो गया है। शेष हितग्राहियों की KYC और पात्रता जांच की प्रक्रिया अभी जारी है। विभाग के मुताबिक शेष सत्यापन पूरा होने के बाद योजना का गलत तरीके से लाभ लेने वाले कुछ और मामलों की पहचान हो सकती है।
एक नजर में महतारी वंदन योजना जांच
- कुल हितग्राही: 4,17,902
- KYC पूरी: 4,11,989
- सत्यापन: 98.58%
- अपात्र पाए गए: 542
- अपात्र हितग्राहियों से वसूली: करीब ₹30 लाख
- मृत हितग्राहियों से जुड़े मामलों में वसूली: ₹7.60 लाख
- जारी किश्तें: 31
- कुल भुगतान: करीब ₹12.16 अरब
- मासिक सहायता: ₹1,000

