काठमांडू/धनगढी, 17 सितंबर। Nepal Dog Viral Video: नेपाल में एक महिला द्वारा कुत्ते को पुल से नदी में फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स महिला की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।
कुत्ते को पकड़कर पुल से नीचे फेंका
वायरल वीडियो में लाल कुर्ता-सलवार पहने एक महिला पुल पर कुत्ते को दोनों हाथों से पकड़े दिखाई दे रही है। कुत्ता महिला के चंगुल से निकलकर भागने की कोशिश करता है, लेकिन महिला उसे दोबारा पकड़ लेती है। इसके बाद महिला कुत्ते को पुल से नीचे नदी में फेंक देती है। वीडियो में कुत्ते को पानी में गिरने के बाद बहते हुए भी देखा जा सकता है। यह वीडियो किस तारीख का है और घटना के बाद कुत्ते के साथ क्या हुआ, इसकी अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कई लोगों ने पुलिस से महिला की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
सेती नदी से जुड़ा है मामला
सुदूरपश्चिम प्रदेश पुलिस कार्यालय, धनगढी के एसएसपी पदम बिष्ट के मुताबिक पुलिस को घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुत्ते को सेती नदी में फेंका गया था। पुलिस ने वायरल वीडियो के बझाङ जिले की सेती नदी से जुड़े होने की पुष्टि की है।
महिला की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर महिला की पहचान करने और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की पहचान और कुत्ते की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच जारी है।

