कवर्धा/रायपुर, 26 सितंबर। Chandalpur Renamed as Chandanpur: कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर को अब नई आधिकारिक पहचान मिल गई है। शासन ने राजपत्र में गांव का नाम बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया है। नाम परिवर्तन की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच राजपत्र की प्रति लेकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी बधाई दी।
राजपत्र की प्रति सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
गांव के विकास के लिए ₹11.70 लाख की घोषणा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव में सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होगा ‘चंदनपुर’
राजपत्र में प्रकाशन के बाद गांव का नया नाम ‘चंदनपुर’ सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टल पर दर्ज रहेगा। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी दैनिक व्यवहार और बोलचाल में नए नाम का उपयोग करने की अपील की। विजय शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि उनसे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि चंदनपुर नाम मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावना के सम्मान का प्रतीक है।

