मंडला, 26 सितंबर। Electrocution Accident: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश पंडाल में दर्दनाक हादसा हो गया। गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे 7-8 युवकों के बीच अचानक करंट फैल गया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हुए हैं।हादसा शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। करंट की चपेट में आने से जानू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) की मौत हो गई।
तीन युवक घायल, एक जिला अस्पताल रेफर
हादसे में घायल तीन युवकों में से एक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में जारी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवार गहरे सदमे में हैं।
पंडाल में कैसे फैला करंट?
जानकारी के अनुसार, गांव में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी। विसर्जन समारोह के बाद करीब सात-आठ युवक पंडाल में सो रहे थे। सुबह अचानक पंडाल में करंट फैल गया, जिससे सो रहे युवक इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक तौर पर बिजली के खराब तार या शॉर्ट सर्किट को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, करंट फैलने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पंडाल में करंट कैसे फैला और हादसे के लिए कौन-सी परिस्थितियां जिम्मेदार थीं। गणेश विसर्जन के बाद हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवारों की ओर से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।

