रायपुर, 27 सितंबर। Vishnu Deo Sai vs Rahul Gandhi: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का पारा चढ़ गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है।
‘माफी मांगते हैं, फिर वही गलती दोहराते हैं’
मुख्यमंत्री साय ने आरोप लगाते हुए कहा कि ‘राहुल गांधी भारत और देश की संवैधानिक साख को वैश्विक मंचों पर बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि, राहुल गांधी लगातार एक आदतन अपराधी की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वे बिना किसी सबूत के देश की संस्थाओं पर लांछन लगाते हैं, बाद में अपने कृत्यों के लिए माफी मांगते हैं और फिर पुरानी आदतों पर उतर आते हैं। उनकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।
सीएम साय के इस कड़े बयान के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है और भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर काफी तेज हो गया है।
ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं के बचाव में उतरे सीएम साय
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जिस ईवीएम पर राहुल गांधी और कांग्रेस सवाल उठाते हैं, उसी ईवीएम प्रक्रिया के जरिए देश भर में कांग्रेस के 600 से अधिक विधायक और करीब 100 सांसद जीतकर आए हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा कई मुद्दों पर मोहर लगाए जाने के बावजूद कांग्रेस जनता के बीच भ्रम और झूठ फैलाने का काम कर रही है।
संवैधानिक संस्थाओं और देश की छवि पर उठाए सवाल
रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जब भी राहुल गांधी बोलते हैं, तो वे देश के विकास या जनहित के मुद्दों के बजाय भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हार की बौखलाहट में कांग्रेस नेता अब देश के लोकतांत्रिक ढांचे और संवैधानिक संस्थाओं पर भी अनर्गल आरोप लगाने लगे हैं। सीएम साय ने कहा- राहुल गांधी का आचरण और उनकी बयानबाजी लगातार देश को नीचा दिखाने वाली रही है। देश की जनता सब देख रही है और वे अपने इस व्यवहार से खुद ही एक्सपोज हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में गरमाई राजनीति, कांग्रेस का पलटवार तय
मुख्यमंत्री साय के इस आक्रामक रुख से साफ है कि भाजपा आने वाले समय में राहुल गांधी के बयानों को राष्ट्रीय अस्मिता और देश के सम्मान से जोड़कर बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है। वहीं, रायपुर से लेकर दिल्ली तक इस बयान के बाद हलचल बढ़ गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीएम साय के इस बयान पर कांग्रेस की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आनी तय है, जिससे राज्य में भाजपा-कांग्रेस का घमासान और उग्र रूप ले सकता है।

