De-addiction Campaign : रायपुर में विधायक पुरन्दर मिश्रा की पदयात्रा, अंबेडकर चौक से शारदा चौक तक गूंजा नशामुक्ति का संदेश

De-addiction Campaign : रायपुर में विधायक पुरन्दर मिश्रा की पदयात्रा, अंबेडकर चौक से शारदा चौक तक गूंजा नशामुक्ति का संदेश

रायपुर, 27 सितंबर। De-addiction Campaign : नशामुक्ति अभियान: नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में जनजागरण पदयात्रा का तीसरा दिन आयोजित किया गया। अंबेडकर चौक से शुरू हुई यह पदयात्रा शारदा चौक तक पहुंची। इस दौरान विभिन्न महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

अंबेडकर चौक से शुरू हुई पदयात्रा

पदयात्रा की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से हुई, जहां विधायक पुरन्दर मिश्रा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। पदयात्रा आगे शास्त्री चौक पहुंची, जहां पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शहीदों को नमन कर दिया नशामुक्ति का संदेश

पदयात्रा जयस्तंभ चौक पहुंची, जहां शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीदों को नमन किया गया। इसके बाद पदयात्रा शारदा चौक पहुंची, जहां नुक्कड़ सभा के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।

विधायक ने नशे से दूर रहने की अपील की

नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशा केवल शराब, तंबाकू या मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, जरूरत से अधिक किसी चीज का इस्तेमाल भी व्यक्ति की आदत को नशे का रूप दे सकता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखते हुए शिक्षा, खेल, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपने घर और आसपास के वातावरण से नशे के खिलाफ जागरूकता की शुरुआत करने तथा वृक्षारोपण के लिए भी आगे आने की अपील की।

‘मन की बात’ में भी नशामुक्त युवा अभियान का उल्लेख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2026 को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में नशे के खिलाफ युवाओं की ओर से लिए जा रहे संकल्पों और ‘नशामुक्त युवा अभियान’ का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, यह अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा और इसमें MY Bharat के स्वयंसेवक, NSS, स्कूल-कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा सामाजिक और आध्यात्मिक संस्थाएं भाग ले रही हैं। उन्होंने युवाओं से रचनात्मक माध्यमों के जरिए नशामुक्ति का संदेश आगे बढ़ाने की बात कही।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक हुए शामिल

पदयात्रा एवं जनजागरण कार्यक्रम में भाजपा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, जिला महामंत्री अमित माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक पांडे, जिला सह कार्यालय मंत्री अनूप खेलकर, जिला मंत्री अर्चना हुंकरे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author

Political