CG College News : ग्रामीण बेटियों के लिए खुशखबरी, करेलीबड़ी और सुहेला में खुलेंगे नए सरकारी कॉलेज, 66 पदों को मंजूरी

CG College News : ग्रामीण बेटियों के लिए खुशखबरी, करेलीबड़ी और सुहेला में खुलेंगे नए सरकारी कॉलेज, 66 पदों को मंजूरी

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। CG College News : छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेलीबड़ी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम सुहेला में नए शासकीय महाविद्यालय शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में दोनों महाविद्यालयों के लिए कुल 66 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है। इस फैसले से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को घर के नजदीक उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

दो ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेंगे नए शासकीय महाविद्यालय

राज्य शासन के इस निर्णय के तहत धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम सुहेला में नवीन शासकीय महाविद्यालयों की स्थापना का रास्ता साफ हुआ है। इन कॉलेजों के शुरू होने से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों और कस्बों तक जाने की मजबूरी कम होगी। खासकर उन परिवारों को राहत मिलेगी, जिनके बच्चे दूरी और आर्थिक परेशानियों के कारण कॉलेज की पढ़ाई जारी नहीं रख पाते।

बेटियों को घर के नजदीक मिलेगी उच्च शिक्षा

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई विद्यार्थियों को कॉलेज जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और धन दोनों खर्च होते हैं। कई बार इसी वजह से बेटियों की आगे की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। नए महाविद्यालय शुरू होने से छात्राओं को अपने घर के आसपास ही उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां या कॉलेज की दूरी किसी भी विद्यार्थी के भविष्य में बाधा नहीं बननी चाहिए।

दोनों कॉलेजों के लिए 66 पदों को मिली मंजूरी

उच्च शिक्षा विभाग ने दोनों महाविद्यालयों के संचालन के लिए कुल 66 पदों के सृजन को स्वीकृति दी है। इनमें एक प्राचार्य, 12 सहायक प्राध्यापक, एक ग्रंथपाल, एक क्रीड़ाधिकारी, एक सहायक ग्रेड-01, पांच प्रयोगशाला तकनीशियन, एक सहायक ग्रेड-02, एक सहायक ग्रेड-03 और पांच प्रयोगशाला परिचारक के पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दो भृत्य, एक बुक लिफ्टर, एक स्वच्छक और एक चौकीदार की सेवाएं कलेक्टर दर पर सेवाप्रदाता के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

ग्रामीण युवाओं को मिलेंगे आगे बढ़ने के नए अवसर

करेलीबड़ी और सुहेला में नए सरकारी कॉलेज खुलने से धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा। सरकार की इस पहल से ग्रामीण बेटियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन मिलने के साथ क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

About The Author

छत्तीसगढ शिक्षा