कवर्धा, 31 अक्टूबर। Kawardha Robbery Case: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से हुई लाखों की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में हुई वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, लूट में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
डंडे से हमला कर सराफा व्यापारी को लूटा था
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर की है। पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडे से मारपीट कर कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए। व्यापारी की शिकायत पर तरेगांव जंगल थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, 24 गांवों में पूछताछ
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा 24 गांवों में 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बिरकोना के पास से निखिल कुर्रे को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी पकड़ लिया गया।
पहले की रेकी, फिर बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने व्यापारी की पहले रेकी करने और फिर सुनियोजित तरीके से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। लूट के बाद आरोपियों ने चांदी के जेवर आपस में बांट लिए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया था।
11.9 किलो चांदी बरामद, दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर बाइक और 1500 रुपये नकद जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

