पंचकूला, 30 अक्टूबर। Panchkula School Incident: हरियाणा के पंचकूला स्थित एक स्कूल से मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र पर KG की मासूम बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि छात्र ने बच्ची पर पत्थरों से हमला किया और गमले से भी चोट पहुंचाई। इतना ही नहीं, घायल बच्ची को काफी देर तक घसीटने की बात भी सामने आई है।
घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। उसे पहले सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पिता के बुलाने का बहाना बनाकर पहली मंजिल पर ले जाने का आरोप
बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि तीसरी कक्षा का छात्र बच्ची को उसके पिता के बुलाने का बहाना बनाकर स्कूल की पहली मंजिल पर ले गया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों के मुताबिक, बच्ची को पत्थरों से मारने के बाद गमले से भी हमला किया गया और उसे घसीटा गया। बच्ची के चाचा फाजिल ने बताया कि जब परिजन बच्ची को तलाशते हुए स्कूल पहुंचे तो आरोपी छात्र ही उन्हें घायल बच्ची के पास लेकर गया। परिजनों का कहना है कि बच्ची उस समय बेसुध हालत में पड़ी थी।
CCTV कैमरों की निगरानी पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यदि स्कूल के सभी CCTV कैमरों की मॉनिटरिंग प्रिंसिपल के कार्यालय में होती है, तो इतनी गंभीर घटना किसी की नजर में क्यों नहीं आई? परिजनों ने सवाल उठाया है कि समय रहते किसी शिक्षक या कर्मचारी को घटना की जानकारी क्यों नहीं मिली? यदि समय पर हस्तक्षेप किया जाता तो शायद बच्ची को इतनी गंभीर चोटों से बचाया जा सकता था।
पुलिस जांच में जुटी, स्कूल प्रबंधन से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे। पुलिस स्कूल प्रबंधन से घटना की जानकारी जुटा रही है। वहीं, आरोपी छात्र के माता-पिता से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्ची की गंभीर हालत और स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों की निगरानी और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

