नई दिल्ली, 02 नवंबर। CG Energy Vision: छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महत्वपूर्ण पहल करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 में शामिल होने पहुंचे। इस वैश्विक मंच पर वे छत्तीसगढ़ के ऊर्जा विजन, नवीकरणीय ऊर्जा की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी मौजूद रहे। समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों की राउंड टेबल चर्चा आयोजित की जाएगी।

ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को अग्रणी बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस समिट में छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षमता और भविष्य की योजनाओं को प्रमुखता से रखेंगे। उनका जोर राज्य को पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन केंद्र के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी अग्रणी बनाने पर रहेगा। मुख्यमंत्री राज्य के प्राकृतिक संसाधनों, ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, ग्रीन एनर्जी के विस्तार और भविष्य की निवेश योजनाओं की जानकारी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को देंगे।
सौर ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं पर रहेगा जोर
छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाना है। इसके लिए सौर ऊर्जा सहित नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को प्रोत्साहन, आधुनिक ऊर्जा अधोसंरचना का विकास और निजी निवेश की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद कर छत्तीसगढ़ में ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं तथा निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी भी साझा करेंगे। इसके माध्यम से नए निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
2 से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित इस वैश्विक समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ के लिए यह आयोजन अपने ऊर्जा विजन को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने और अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस भागीदारी से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक ऊर्जा क्षमता के साथ नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को भी वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

