छत्तीसगढ

7 की जगह 15 दिन बढ़ना चाहिए धान खरीदीः बृजमोहन

रायपुर, 22 जनवरी। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के 7 दिन धान खरीदी बढ़ाने की घोषणा पर चुटकी लेते हुए कहा है कि सरकार वही करती है जो हम कहते हैं लेकिन समय पर नहीं करती है, जिसके कारण धोखा खाती है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी 7 दिन नहीं बल्कि 15 दिन बढ़ाया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि अग्रवाल पिछले कई दिनों से प्रदेश में हुई असमय बारिश से किसानों के धान भीगने तथा उनके रजिस्ट्रेशन होने में गड़बड़ी और कम्प्यूटर से किसानों का नाम डिलीट होने के साथ उनके टोकन में गड़बड़ी की शिकायत पर लगातार धान खरीदी को एक महीने बढ़ाने की बात कर रहे हैं। आज अचानक मुख्यमंत्री की ओर से धान खरीदी एक हफ्ते बढ़ाने की घोषणा हुई है।

श्री अग्रवाल ने धान खरीदी की अवधि बढ़ाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अगर यह समय सीमा पहले बढ़ा देते तो आज के जैसी भगदड़ नहीं मचती, किसानों में धान बेचने की इतनी मारामारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि इतना कम समय किसानों के लिए पर्याप्त नहीं होगा, इससे किसानों में और भगदड़ मचेगी। अगर सरकार ठीक से धान खरीदना चाहती है, तो कम से कम पन्द्रह दिन और धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाई जानी चाहिए।

आईएएस, आईपीएस सेवा नियम में बदलाव के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के केन्द्र से विरोध पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ विरोध के लिए विरोध कर रहे हैं। अभी सभी राज्यों से रायशुमारी चल रही है। सभी को अपनी बात कहने का हक है, लेकिन कोई भी राज्य केन्द्र का विरोध कर अपना विकास नहीं कर सकता है। सभी राज्यों की जो राय होगी उसके अनुसार ही केन्द्र निर्णय लेगा। मुख्यमंत्री का विरोध केवल अपने नंबर बढ़ाने का प्रयास भर है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button