गंगानगर/राजस्थान, 07 फरवरी। Honeymoon Murder 2.O : राजस्थान के गंगानगर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। इस घटना को इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की तर्ज पर हनीमून मर्डर केस बताया जा रहा है। यहां शादी के महज तीन महीने बाद ही एक पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और इसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की।

सड़क हादसे की कहानी से शुरू हुआ मामला
यह घटना 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे की है। रावला थाना क्षेत्र के अनूपगढ़ मार्ग पर आशीष और उनकी पत्नी अंजू सड़क किनारे बेसुध हालत में मिले। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया।
पत्नी अंजू ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और सोने के गहने लूट लिए।
गंगानगर एसपी अमृतु दुहान ने बताया कि शुरुआती जांच में ही पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। घटना स्थल का निरीक्षण और FSL टीम की जांच से साफ हो गया कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं है।
मेडिकल रिपोर्ट और कॉल डिटेल से खुला राज
मेडिकल जांच में आशीष के शरीर पर मारपीट के निशान मिले और सबसे अहम बात यह सामने आई कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। हैरानी की बात यह रही कि कथित हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी अंजू को एक भी खरोंच नहीं आई। पुलिस ने जब अंजू की कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि वह शादी के बाद भी सादुलशहर निवासी अपने पुराने प्रेमी संजू से लगातार संपर्क में थी।
सुनियोजित तरीके से रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि 23 वर्षीय अंजू अपनी शादी से खुश नहीं थी। उसने अपने प्रेमी संजू और उसके दो दोस्तों रॉकी और बादल के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। कुछ दिन पहले मायके सादुलशहर में रहते हुए चारों ने प्लान बनाया।
अंजू को पता था कि आशीष खाना खाने के बाद टहलने जाता है। योजना के तहत वह उसे जानबूझकर एक सुनसान रास्ते पर ले गई, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने आशीष पर हमला कर दिया। पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। लूट की कहानी गढ़ने के लिए अंजू ने अपनी बालियां और मोबाइल खुद आरोपियों को सौंप दिए।
चार आरोपी हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी अंजू, उसके प्रेमी संजू, और उसके साथी रॉकी व बादल को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान अंजू लगातार अपने बयान बदलती रही, लेकिन पुख्ता सबूतों के आगे उसकी साजिश बेनकाब हो गई।


