रायपुर, 06 फरवरी। Legal Process : आबकारी घोटाले में आरोपी रहे पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा जेल से रिहा होने के बाद शुक्रवार को रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आगामी विधानसभा बजट सत्र में लखमा की उपस्थिति को लेकर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि कवासी लखमा एक वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहने के बाद दो दिन पहले सशर्त जमानत पर रिहा हुए हैं। कोर्ट के आदेश के अनुसार जमानत अवधि के दौरान उन्हें प्रदेश से बाहर रहना होगा।
मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कवासी लखमा को जमानत मिलने पर बधाई दी। साथ ही 23 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में सदन की कार्रवाई में शामिल होने को लेकर लखमा ने उनसे सलाह ली। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने उन्हें विधिक प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि कवासी लखमा जल्द ही कोर्ट में याचिका दायर कर विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने की अनुमति मांगेंगे। इस चर्चा के दौरान अकलतरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे।


