अलीगढ़, 12 फरवरी। Fugitive Mother In Law : अलीगढ़ की वह महिला, जो पिछले साल अपने होने वाले दामाद के साथ भाग गई थी, अब एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब दस महीने तक दामाद राहुल के साथ बिहार में पति-पत्नी की तरह रहने के बाद अब उसने उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ भागने का फैसला किया। जाते-जाते उसने 2 लाख रुपये नकद और जेवर भी साथ ले लिए।
यह घटना अप्रैल 2025 से शुरू हुई थी, जब महिला की बेटी की शादी तय थी। शादी की तैयारियों के बीच महिला और राहुल के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ी और दोनों के बीच एक रिश्ते का रूप ले लिया। पहले शादी की तैयारियों को लेकर बात होती थी, लेकिन बाद में यह बातचीत 15-20 घंटे तक फोन पर चलने लगी। महिला के पति जितेंद्र ने आरोप लगाया कि दोनों के बीच संबंधों को लेकर घर में विवाद बढ़ गया था।
जब मामला सुर्खियों में आया, तब पता चला कि दोनों अलीगढ़ से कासगंज, बरेली होते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गए थे। वहां कुछ दिन रहने के बाद, जब सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें वायरल हो गईं, तब उन्होंने उत्तर प्रदेश लौटने का फैसला किया और थाना दादों में सरेंडर कर दिया।
पुलिस के सामने महिला ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था, जबकि राहुल ने दावा किया था कि महिला को अकेला छोड़ना ठीक नहीं लगा, इसीलिए वह उसके साथ भाग आया था। हालांकि, अब राहुल का कहना है कि महिला उसे छोड़कर अपने जीजा के पास चली गई है और जाते समय उसने 2 लाख रुपये और जेवर भी चुराए हैं।
राहुल की शिकायत पर पुलिस का जवाब
राहुल ने अलीगढ़ के थाना दादों में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने क्षेत्राधिकार का हवाला देते हुए कहा कि यह मामला बिहार का है, इसलिए वहां की पुलिस कार्रवाई करेगी। अब राहुल बिहार जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में है।

