रायपुर, 22 फरवरी। CAIT National Trade Expo 2026 : राजधानी रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आयोजित CAIT नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 ने तीसरे दिन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल नवाचारों के साथ व्यापारियों के उत्साह को नई ऊँचाई दी। देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेतृत्व में यह आयोजन 250 से अधिक ब्रांड्स, स्टार्टअप्स और तकनीकी प्रदर्शनों का राष्ट्रीय मंच बनकर उभरा।
अमूल्य उपस्थितियों में शामिल थे श्री अमर पारवानी (राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन, CAIT), श्री जितेंद्र दोशी (छत्तीसगढ़ इकाई चेयरमैन), श्री विक्रम सिंहदेव, श्री परमानंद जैन, श्री सुरिंदर सिंह, श्री अजय अग्रवाल, श्री राजेंद्र जग्गी, और अन्य गणमान्य अतिथि।

किरण सिंह देव ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के “लोकल फॉर वोकल” विजन को सशक्त रूप से आगे बढ़ाता है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और रोजगार सृजन में इस आयोजन के महत्व को रेखांकित किया।
अमरजीत सिंह छाबड़ा ने भी कार्यक्रम की भव्यता, स्टॉल्स और विविध ब्रांड्स की सराहना करते हुए इसे व्यापारिक जागरण और स्वदेशी उत्पादों को मजबूती देने वाला मंच बताया।

एक्सपो में AI-स्टार्टअप्स, डिजिटल पेमेंट सिस्टम, स्मार्ट रिटेल टेक्नोलॉजी, फूड-टेक, एग्री-टेक, फिन-टेक और लॉजिस्टिक्स टेक सहित कई नवाचार प्रदर्शित किए जा रहे हैं। यह आयोजन छोटे और मध्यम व्यापारियों को डिजिटल युग से जोड़ने और तकनीक-आधारित व्यापार सशक्त बनाने में सहायक साबित हो रहा है।

CAIT पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल व्यापार प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के लक्ष्य को साकार करने के लिए डिजिटल और नवाचार-आधारित आर्थिक मॉडल की नींव रखता है। यह राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव 20 से 24 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा, जिसका भव्य समापन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में होगा।

