रायपुर, 14 मार्च। Chamber Of Commerce : राजधानी रायपुर के तेलीघानी नाका और फाफाडीह चौक जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध के कारण व्यापारिक गतिविधियों पर गंभीर असर पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर आज छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और विभिन्न ट्रांसपोर्ट संघों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

वाहन प्रतिबंध से 90% माल परिवहन प्रभावित
बैठक में चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, राजधानी गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ परचून ट्रांसपोर्ट संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित 200 से अधिक ट्रांसपोर्टर शामिल हुए। बैठक के दौरान ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि प्रतिबंध के कारण इलेक्ट्रॉनिक सामान, कूलर, एसी और अन्य आवश्यक उत्पादों की समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
गोदामों तक माल नहीं पहुंचने से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रायपुर प्रदेश की प्रमुख होलसेल मंडी है, जहां से पूरे छत्तीसगढ़ में माल की सप्लाई होती है, लेकिन प्रतिबंध के कारण लगभग 90 प्रतिशत माल की आवाजाही प्रभावित हो गई है। साथ ही लोडिंग और अनलोडिंग के लिए प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
प्रशासन से मांगा समाधान
बैठक को संबोधित करते हुए चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि इस तरह व्यापारिक गतिविधियों का बाधित होना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में कूलर, एसी और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि चेम्बर इस मुद्दे को जल्द ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएगा। साथ ही व्यापारी प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच जल्द बैठक आयोजित कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था भी बनी रहे और व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव भी न पड़े।
सतीश थौरानी ने यह भी कहा कि प्रशासन के समक्ष ट्रांसपोर्टरों के लिए शहर के बाहर व्यवस्थित जमीन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी जाएगी, जिससे शहर को ट्रैफिक की समस्या से राहत मिले और व्यापारियों का काम भी सुचारू रूप से चल सके।
बैठक में चेम्बर के कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, सलाहकार गुरजीत सिंह संधू, कार्यकारी अध्यक्ष (Chamber Of Commerce) राधाकिशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, मनीष प्रजापति, मंत्री राजेंद्र पारख, ट्रांसपोर्ट चेम्बर अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी, छत्तीसगढ़ परचून ट्रांसपोर्ट संघ के महामंत्री कमल किशोर गोलछा सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर और व्यापारी उपस्थित रहे।

