गरियाबंद, 31 मार्च। Suicide Case : जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव का है।
जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय युवक धनीराम यादव बीती रात करीब 12 बजे घर से निकला था। सुबह उसका शव गांव की पानी टंकी के ऊपर फांसी पर लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही देवभोग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
स्टेटस के पीछे छिपे संदेश
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ इंस्टाग्राम स्टेटस अपडेट है। आत्महत्या करने से ठीक कुछ पल पहले, धनीराम ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस अपडेट पोस्ट किया था। गांव वाले और पुलिस अब उस स्टेटस के पीछे छिपे संदेश को समझने की कोशिश कर रहे हैं। क्या यह किसी प्रेम-प्रसंग का मामला था, या फिर यह मानसिक तनाव का नतीजा था? पुलिस हर मुमकिन पहलू से इस रहस्य को सुलझाने में जुटी हुई है।

