रायपुर, 09 अप्रैल। Ram Lalla Darshan : रायपुर रेलवे स्टेशन पर उस समय भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जब कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं टंकराम वर्मा ने 850 तीर्थयात्रियों के दल को विशेष ‘रामलला दर्शन’ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया। “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा स्टेशन गूंज उठा और श्रद्धालुओं के चेहरों पर पहली बार प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी।
तीर्थयात्रियों में अयोध्या जाने को लेकर अत्याधिक उत्साह का वातावरण था। अधिकांश श्रद्धालु पहली बार रामलला के दर्शन करने जा रहे थे और उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने यात्रियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और यात्रा के संबंध में चर्चा करते हुए उनकी सुविधाओं का भी जायजा लिया।
यह तीर्थयात्रा अयोध्या में रामलला के दर्शन के साथ-साथ काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन का भी अवसर प्रदान करेगी। राज्य सरकार द्वारा आईआरसीटीसी एवं छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के माध्यम से भोजन, आवास, चिकित्सा और भ्रमण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बेहतर प्रबंध किया गया है। यात्रा के दौरान अधिकारी-कर्मचारी श्रद्धालुओं की सहायता में तत्पर नजर आए और यात्री भी व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे।

साय सरकार की ‘रामलला दर्शन योजना’ के अंतर्गत अब तक 52 ट्रेनों के माध्यम से लगभग 44,200 श्रद्धालु इस यात्रा का लाभ ले चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली ट्रेन के रूप में रायपुर से 850 श्रद्धालु रवाना हुए हैं और अब तक कुल 53 ट्रेनों में 45,050 श्रद्धालु इस पावन यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं।

छत्तीसगढ़ को प्रभु श्रीराम का ननिहाल माना जाता है और यहां के लोग उन्हें “भांचा राम” कहकर संबोधित करते हैं, जिससे प्रदेशवासियों का भगवान श्रीराम के प्रति गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव झलकता है। साय सरकार इस आस्था को सम्मान देते हुए लगातार तीसरे वर्ष श्रद्धालुओं को अयोध्या और काशी दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है। रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई यह विशेष ट्रेन न केवल एक यात्रा का प्रारंभ है, बल्कि छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और विश्वास की सशक्त अभिव्यक्ति भी है। इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पर्यटन मंडल के एमडी विवेक आचार्य, डीजीएम पूनम शर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड एवं आईआरसीटीसी के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।

