रायपुर, 20 मई। CAIT Chhattisgarh : अमर पारवानी ने नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से सौजन्य मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के व्यापार, उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (CAIT) की छत्तीसगढ़ इकाई के पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की संभावनाओं, कृषि एवं वन उत्पादों के मूल्य संवर्धन, किसानों को आधुनिक बाजार व्यवस्था से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
किसानों के लिए बड़ा प्लान
अमर पारवानी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ कृषि, वन उत्पाद, मिलेट्स, मसाले, फल और पारंपरिक खाद्य उत्पादों के मामले में बेहद समृद्ध राज्य है। यदि योजनाबद्ध तरीके से फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा दिया जाए, तो प्रदेश में बड़े निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं और संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अमर पारवानी ने कहा कि मंत्री का सकारात्मक दृष्टिकोण और मार्गदर्शन निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को नई दिशा देगा, जिससे किसानों, लघु उद्योगों और स्थानीय उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

