Baruipur Rape Case : बंगाल में बड़ा एनकाउंटर…! नाबालिग रेप-मर्डर केस का मुख्य आरोपी प्रभास मंडल मारा गया…क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान छीन ली थी बंदूक…जवाबी फायरिंग में हुई मौत

Baruipur Rape Case : बंगाल में बड़ा एनकाउंटर…! नाबालिग रेप-मर्डर केस का मुख्य आरोपी प्रभास मंडल मारा गया…क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान छीन ली थी बंदूक…जवाबी फायरिंग में हुई मौत

कोलकाता, 08 जुलाई। Baruipur Rape Case : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के चर्चित बारुईपुर रेप और हत्या मामले में बुधवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी प्रभास मंडल क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान हुआ घटनाक्रम

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:45 बजे जांच टीम आरोपी को सूरज्यापुर हाट स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और एक राउंड फायरिंग कर मौके से भागने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें प्रभास मंडल घायल हो गया। उसे तत्काल बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

4 जुलाई से लापता थी नाबालिग

यह मामला उस नाबालिग लड़की से जुड़ा है जो 4 जुलाई को लापता हुई थी। अगले दिन उसका शव सूरज्यापुर हाट इलाके में एक बोरे के अंदर मिला था। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क जाम की, टायर जलाए और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की।

भीड़ ने एक संदिग्ध की पीट-पीटकर हत्या की

शव मिलने के कुछ घंटों बाद उग्र भीड़ ने इस अपराध में शामिल होने के संदेह में इंद्रजीत मंडल नामक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में पुलिस की प्रारंभिक जांच में उसे निर्दोष बताया गया। इस मामले में भी हत्या का अलग केस दर्ज किया गया है।

SIT कर रही मामले की जांच

पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरे प्रकरण की गहन जांच के लिए 6 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़ित (Baruipur Rape Case) परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि शिकायत दर्ज होने के बाद जांच में यदि एक प्रतिशत भी लापरवाही मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लगभग 200 लोगों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सूरज्यापुर में नई पुलिस चौकी स्थापित करने का आश्वासन भी दिया।

About The Author

जुर्म राष्ट्रीय