बारुईपुर/पश्चिम बंगाल, 05 जुलाई। Baruipur Murder Case : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के धपधपी 2 पंचायत के सूर्यपुर हाट इलाके में एक 12 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव उसके घर से दूर एक तालाब में बरामद किया गया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है। परिजनों ने नाबालिग के साथ कथित तौर पर रेप और फिर उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
शनिवार शाम से लापता थी नाबालिग
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, नाबालिग लड़की शनिवार शाम करीब 4 बजे घर से कुछ खाने-पीने का सामान खरीदने के लिए बाहर निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह उसका शव स्थानीय तालाब में तैरता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया।
परिजनों का आरोप: 4 युवकों ने किया अगवा
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब बच्ची दुकान जा रही थी, तभी इलाके के चार आरोपियों ने उसे कथित तौर पर अगवा कर लिया। परिजनों का दावा है कि आरोपियों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। बहरहाल, बारुईपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक प्रभास मंडल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को शक है कि नाबालिग की हत्या गला दबाकर की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और रेप की पुष्टि हो सकेगी।
सड़क पर शव रखकर जनता का प्रदर्शन, इलाके में तनाव
घटना की खबर फैलते ही रविवार सुबह से ही सूर्यपुर हाट इलाके में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने नाबालिग के शव को सड़क पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि चारों नामजद आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

