OP Jindal University के दीक्षांत समारोह में 688 छात्रों को मिली डिग्री…! राज्यपाल का बड़ा संदेश…नवीन जिंदल ने युवाओं को दिया बड़ा मंत्र

OP Jindal University के दीक्षांत समारोह में 688 छात्रों को मिली डिग्री…! राज्यपाल का बड़ा संदेश…नवीन जिंदल ने युवाओं को दिया बड़ा मंत्र

रायगढ़, 01 अगस्त। OP Jindal University : रायगढ़ के ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह शनिवार को उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका रहे। इस अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड के चेयरमैन एवं लोकसभा सांसद नवीन जिंदल, विश्वविद्यालय की चांसलर शालू जिंदल, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, जिंदल स्टील रायगढ़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देबोज्योति रॉय सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और स्कूल ऑफ साइंस के 688 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 27 स्वर्ण, 28 रजत और 29 कांस्य पदकों सहित कुल 84 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

राज्यपाल का प्रेरक संदेश

अपने संबोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान का उपयोग समाज और मानवता के कल्याण में करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य करने की अपील की जो समाज के लिए स्थायी रूप से लाभकारी साबित हो।

नवीन जिंदल ने AI और Innovation पर दिया जोर

जिंदल स्टील लिमिटेड के चेयरमैन एवं सांसद नवीन जिंदल ने विद्यार्थियों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज देश को नवाचार, समस्या समाधान क्षमता और आधुनिक तकनीक में दक्ष युवाओं की जरूरत है। उन्होंने Artificial Intelligence (AI), Robotics और Emerging Technologies में कौशल विकास को समय की आवश्यकता बताया।

शालू जिंदल ने कहा- यह नई शुरुआत है

विश्वविद्यालय की चांसलर शालू जिंदल ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी यात्रा का अंत नहीं बल्कि नए अवसरों और जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां भी साझा कीं

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.डी. पाटीदार ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अधोसंरचना के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह समाज के प्रति नई जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का अवसर है।

कार्यक्रम का समापन कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों की मौजूदगी ने समारोह को यादगार बना दिया।

About The Author

शिक्षा