Vyapari Kar Samvad: CAIT और आयकर विभाग की ऐतिहासिक पहल; व्यापारियों की समस्याओं का मिला सीधा समाधान

Vyapari Kar Samvad: CAIT और आयकर विभाग की ऐतिहासिक पहल; व्यापारियों की समस्याओं का मिला सीधा समाधान

रायपुर, 02 सितंबर। Vyapari Kar Samvad: छत्तीसगढ़ के व्यापारिक इतिहास में एक अभिनव और महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) छत्तीसगढ़ और आयकर विभाग द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ कार्यक्रम ‘एक प्रदेश-एक दिन-एक संवाद’ की संकल्पना के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

इस विशेष पहल के तहत बड़ी संख्या में व्यापारी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधे संवाद कर कर संबंधी प्रावधानों, प्रक्रियाओं, अनुपालन और व्यावहारिक समस्याओं पर जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया।

नोटिस से घबराएं नहीं, विभाग आपका मित्र और मार्गदर्शक

CAIT प्रदेश मुख्यालय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य आयकर आयुक्त, रायपुर संजीव (IRS) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए कर व्यवस्था, जागरूकता और स्वैच्छिक अनुपालन के महत्व पर चर्चा की।

उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि कर संबंधी नोटिस मिलने पर घबराने की जरूरत नहीं है। आयकर विभाग केवल कार्रवाई करने वाली संस्था नहीं, बल्कि करदाताओं के लिए मित्र और मार्गदर्शक की भूमिका में भी है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में छत्तीसगढ़ के प्रमुख जिलों में यह संवाद आयोजित किया गया है। अगले चरण में CAIT और आयकर विभाग मिलकर प्रदेश के सभी 33 जिलों तक इस संवाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

चार स्तंभों पर केंद्रित रहा ‘व्यापारी कर संवाद’

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित रहा- जानकारी, जागरूकता, मार्गदर्शन, समाधान, इन चार प्रमुख बिंदुओं को आधार बनाकर विशेष PPT प्रस्तुति के माध्यम से आयकर विभाग के अधिकारियों और व्यापारियों के बीच विस्तृत संवाद हुआ। व्यापारियों को आयकर से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों, प्रक्रियाओं और अनुपालन संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही उनकी जिज्ञासाओं और व्यावहारिक कठिनाइयों पर अधिकारियों ने सीधे मार्गदर्शन और समाधान प्रदान किया।

रायपुर से अंबिकापुर और जगदलपुर तक हुआ संवाद

CAIT और आयकर विभाग की इस पहल के तहत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी और जगदलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आयकर विभाग के संबंधित अधिकारियों ने व्यापारियों से प्रत्यक्ष संवाद किया। कर प्रावधानों और प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ व्यापारियों के सवालों और जिज्ञासाओं पर खुलकर चर्चा की गई।

CAIT मुख्यालय में ये अधिकारी रहे मौजूद

रायपुर स्थित CAIT प्रदेश मुख्यालय में मुख्य आयकर आयुक्त श्री संजीव (IRS) के अलावा प्रमुख आयकर आयुक्त-1 मुनीश कुमार (IRS), अतिरिक्त आयकर आयुक्त (Hqrs/TPS) चिलाकला राजेश्वर रेड्डी (IRS) और उप आयकर आयुक्त-1(1) डॉ. गगन गिरी गोस्वामी सहित आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

व्यापारी और विभाग के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम: अमर पारवानी

CAIT के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सकारात्मक संवाद को मजबूत करने की नई पहल है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार एक ही दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ इस तरह का अभियान चलाया गया है। इससे व्यापारियों को विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला।

अमर पारवानी ने कहा कि व्यापारी और सरकार एक-दूसरे के सहयोगी हैं। जब व्यापारियों को नियमों की सही और सरल जानकारी मिलेगी और विभाग उनकी वास्तविक समस्याओं को बेहतर ढंग से समझेगा, तो स्वैच्छिक कर अनुपालन बढ़ेगा। इससे प्रदेश के व्यापारिक वातावरण में विश्वास और पारदर्शिता भी मजबूत होगी।

व्यापारियों ने पहल का किया स्वागत

कार्यक्रम में शामिल व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों ने CAIT एवं आयकर विभाग की इस पहल का स्वागत किया। व्यापारियों ने इसे विभाग और व्यापारी समुदाय के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बताया।

उनका कहना था कि ऐसे कार्यक्रमों से कर संबंधी विषयों को समझना आसान होता है और विभागीय अधिकारियों के सामने अपनी जिज्ञासाएं एवं व्यावहारिक समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिलता है। CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रदेशभर के व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में व्यापारियों की सहभागिता ने इस पहल को सफल बनाया है।

जागरूक व्यापारी, मजबूत अर्थव्यवस्था, सशक्त छत्तीसगढ़

CAIT ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ की यह पहल व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच संवाद एवं सहयोग की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी व्यापारियों की कर संबंधी जागरूकता और सुविधा के लिए ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। CAIT प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह ने किया, जबकि सीए मुकेश मोटवानी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सैकड़ों व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। संदेश स्पष्ट है- जागरूक व्यापारी, मजबूत अर्थव्यवस्था, सशक्त छत्तीसगढ़।

About The Author

व्यापार