नई दिल्ली, 06 सितंबर। Delhi Building Collapse: दिल्ली में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बड़ा हादसा सामने आया है। मोती बाग के सत्य निकेतन स्थित शिव मंदिर के पास एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, CAT एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। NDRF की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम लगातार जारी है।
12 फायर टेंडर मौके पर
फायर विभाग को दोपहर करीब 1 बजकर 33 मिनट पर इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद फायर विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव टीमें मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, इमारत में PG संचालित था, जिसके कारण वहां छात्रों के रहने की बात सामने आई है। शुरुआती रेस्क्यू में कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
मलबे में छात्रों के फंसे होने की आशंका
आरके पुरम के विधायक अनिल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इमारत में अलग-अलग जगहों से आए छात्र PG में रह रहे थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे में कितने लोग फंसे हैं, लेकिन कुछ छात्रों के अंदर होने की जानकारी है। विधायक के मुताबिक, कुछ छात्रों ने अंदर से कॉल भी किया है। ऐसे में रेस्क्यू टीमों का पूरा फोकस मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिया संज्ञान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विसेज, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि एहतियात के तौर पर आसपास की एक इमारत को खाली कराया गया है। फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
NSUI ने सरकार पर उठाए सवाल
हादसे को लेकर NSUI ने भी सरकार पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने कहा कि सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना चिंताजनक है और मलबे में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के दबे होने की जानकारी सामने आ रही है। NSUI ने राहत एवं बचाव अभियान तेज करने के साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

