Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन हादसे में छत्तीसगढ़ के युवराज और MP के अर्पित की दुखद मौत; DU में B.Com की कर रहा था पढ़ाई

Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन हादसे में छत्तीसगढ़ के युवराज और MP के अर्पित की दुखद मौत; DU में B.Com की कर रहा था पढ़ाई

दुर्ग, 07 सितंबर। Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना में मध्य प्रदेश के देवास के छात्र अर्पित जाज और छत्तीसगढ़ के दुर्ग के 20 वर्षीय युवराज सोनी की दुखद मौत हो गई। युवराज और अर्पित कुछ दिन पहले ही रक्षाबंधन मनाने घर आए थे और त्योहार के बाद अपनी पढ़ाई के लिए दिल्ली लौट गए थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफ़र उनका आखिरी सफ़र साबित होगा।

युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में B.Com द्वितीय वर्ष का छात्र था और सत्य निकेतन स्थित बॉयज पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे निर्माण और मरम्मत के दौरान इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के प्रमुख इलाके के पास है, जहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं।

मरम्मत के दौरान ढहा इमारत का हिस्सा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय इमारत में निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि बेसमेंट में खुदाई और मरम्मत के दौरान एक पिलर खिसकने के बाद इमारत का हिस्सा ढहने की आशंका है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, कैट एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

दुर्ग में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दिल्ली में पढ़ाई कर रहे युवराज की हादसे में मौत की खबर मिलते ही दुर्ग स्थित उसके परिवार में मातम पसर गया। 20 साल की उम्र में बेटे को खोने से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। युवराज पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहा था और मोतीलाल नेहरू कॉलेज में B.Com द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। सत्य निकेतन में हुआ हादसा अब उसके परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया है।

दिल्ली जाने से पहले अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाते अर्पित
दिल्ली जाने से पहले अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाते अर्पित

देवास के छात्र अर्पित जाज की मौत

इस घटना के बाद पता चला कि मध्य प्रदेश के देवास का रहने वाला छात्र अर्पित जाज भी उस इमारत में मौजूद था। परिवार को पहले बताया गया था कि वह फंसा हुआ है, लेकिन बाद में उसकी मौत की पुष्टि हुई। अर्पित के पिता भूपेंद्र जाज ने अपने बेटे के निधन की खबर की पुष्टि की। परिवार उसके शव को देवास लाने की व्यवस्था कर रहा है। इस दुखद घटना के बाद प्रशासन भी परिवार के संपर्क में है।

अर्पित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अर्पित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सत्य निकेतन हादसे में अब तक 6 मौतें

सत्य निकेतन इमारत हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियों ने मौके पर अभियान चलाया। अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि निर्माण और मरम्मत के दौरान इमारत का ढांचा क्यों कमजोर हुआ और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

About The Author

छत्तीसगढ मध्यप्रदेश