IAS Anil Damor Death: 2019 बैच के IAS अनिल डामोर की अचानक मौत, सरकारी बंगले में बिगड़ी तबीयत; अस्पताल पहुंचते ही नहीं थी पल्स

IAS Anil Damor Death: 2019 बैच के IAS अनिल डामोर की अचानक मौत, सरकारी बंगले में बिगड़ी तबीयत; अस्पताल पहुंचते ही नहीं थी पल्स

विदिशा,  09 सितंबर। IAS Anil Damor Death: मध्य प्रदेश के विदिशा से प्रशासनिक महकमे को झकझोर देने वाली दुखद खबर सामने आई है। विदिशा में ADM के पद पर पदस्थ 45 वर्षीय 2019 बैच के IAS अधिकारी अनिल डामोर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सरकारी आवास के बाथरूम में हुए बेहोश

जानकारी के मुताबिक, अनिल डामोर विदिशा स्थित अपने शासकीय आवास में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बाथरूम में बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी। मेडिकल प्रभारी शुभम जैन के मुताबिक, अनिल डामोर को सुबह करीब 8:25 बजे अस्पताल लाया गया था। उस समय उनकी हृदय गति और पल्स नहीं मिल रही थी।

डॉक्टरों ने CPR देकर बचाने की कोशिश की

मेडिकल टीम ने तत्काल CPR शुरू किया और उन्हें रिवाइव करने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों को सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में विदिशा मेडिकल कॉलेज पहुंचने लगे।

हाल ही में हुआ था भोपाल ट्रांसफर

अनिल डामोर विदिशा में ADM की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में उनका ट्रांसफर भोपाल किया गया था, जहां उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने भोपाल में जॉइनिंग भी कर ली थी। जॉइनिंग के बाद वह विदिशा स्थित अपने सरकारी आवास पर वापस आए थे। बताया गया है कि वह रात को विदिशा में ही रुके थे और भोपाल जाने से पहले अपने घर का सामान समेटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी

अधिकारी को अस्पताल पहुंचाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए CPR समेत तमाम प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। फिलहाल विदिशा मेडिकल कॉलेज में उनके शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। 45 वर्षीय IAS अधिकारी के इस तरह अचानक निधन से प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी स्तब्ध हैं। उनके साथ काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।

About The Author

मध्यप्रदेश