अंबिकापुर, 19 सितंबर। Agrasen Jayanti Holiday: छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ऐलान किया है। अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ-2026 में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अग्रसेन जयंती के दिन प्रदेश में सरकारी अवकाश रहेगा। घोषणा के बाद सम्मेलन में मौजूद अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने इसका स्वागत किया।
अग्र महाकुंभ में CM साय का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को अंबिकापुर के होटल ग्रैंड बसंत में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ सम्मेलन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह में शामिल हुए। इसी दौरान उन्होंने अग्रसेन जयंती पर सरकारी अवकाश की घोषणा की। यह आयोजन 19 और 20 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है।
अग्रवाल समाज के योगदान की सराहना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक योगदान की सराहना की। उन्होंने समाज की सेवा गतिविधियों और व्यापार एवं उद्योग के माध्यम से रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों में योगदान का उल्लेख किया।
अंबिकापुर में जुटे समाज के प्रतिनिधि
अग्र महाकुंभ में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा और महिला प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। आयोजन में सामाजिक संवाद, महिला-युवा सत्र, स्वास्थ्य कार्यक्रम और दशम अग्र अलंकरण समारोह सहित कई कार्यक्रम रखे गए हैं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

