कुमिल्ला, 20 सितंबर। Opratim Murder Case: बांग्लादेश के कुमिल्ला में 13 साल के स्कूली छात्र की हत्या ने सनसनी फैला दी है। इशायात शहरियार ओप्रतिम शुक्रवार दोपहर अपनी मां का iPhone लेकर दोस्तों के साथ तस्वीरें खींचने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। करीब 22 घंटे बाद शनिवार को उसका शव कुमिल्ला विश्वविद्यालय के पास लालमाई पहाड़ियों के एक जंगल से बरामद हुआ।
ओप्रतिम कुमिल्ला बॉर्डर गार्ड पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था और कुमिल्ला विश्वविद्यालय के बंगला विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नाहिदा बेगम का इकलौता बेटा था।
दोस्तों से मिलने निकला, फिर नहीं लौटा
परिवार के मुताबिक, ओप्रतिम शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे मां का iPhone लेकर घर से निकला था। उसने बताया था कि वह दोस्तों के साथ तस्वीरें खींचने जा रहा है। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक को ओप्रतिम के साथ देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जंगल में मिला खून से लथपथ शव
शनिवार को कुमिल्ला विश्वविद्यालय के पास लालमाई हिल्स के सानंदा इलाके में कुछ लोग बांस काटने पहुंचे थे। इसी दौरान जंगल में उन्हें बच्चे का शव दिखाई दिया। पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्टों के मुताबिक, ओप्रतिम के सिर पर चोट के निशान थे।
iPhone को लेकर जांच में आया बड़ा मोड़
शुरुआत में पुलिस और विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों ने आशंका जताई थी कि ओप्रतिम के पास मौजूद iPhone को छीनने के लिए उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने यह भी कहा था कि जांच पूरी होने से पहले हत्या की वजह को निश्चित नहीं माना जा सकता। अब जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने संदिग्ध तुहिन के घर से ओप्रतिम की मां का iPhone बरामद कर लिया है। इससे मामले की जांच को अहम सुराग मिला है।
तीन संदिग्धों के बाद चौथा भी गिरफ्तार
पुलिस ने पहले तुहिन, अनास और फहीम नाम के तीन युवकों को हिरासत में लिया था। बाद में गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने बताया कि मामले में एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। उनके अनुसार, पुलिस ने हत्या के 12 घंटे के भीतर संदिग्धों तक पहुंच बनाई और मामले में सबूत भी जुटाए हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि मामले की सुनवाई तेजी से कराने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस चार्जशीट और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग करेगी और अदालत मामले पर फैसला करेगी। ओप्रतिम का अंतिम संस्कार रविवार को कुमिल्ला में किया गया। इस घटना ने परिवार, विश्वविद्यालय और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

