कोरबा, 21 सितंबर। Murder of Live-in Partner: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक महिला की मौत के बाद उसके शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय संतोषी के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को संतोषी और मनोज के बीच मारपीट हुई थी। आरोप है कि मारपीट के बाद संतोषी की मौत हो गई। इसके बाद मनोज ने कथित तौर पर शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया और उसके भाइयों को गुमराह करता रहा।

रक्षाबंधन पर नहीं पहुंची तो खुला खौफनाक राज
रक्षाबंधन के मौके पर जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची तो उसके भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला। आसपास बदबू आने पर जब टैंक की तलाशी ली गई तो अंदर संतोषी का शव मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
5 सितंबर से फरार आरोपी की तलाश
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी में आरोपी के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस हत्या की परिस्थितियों, मौत की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


