मथुरा, 05 अक्टूबर। Deepak Lodhi Death Case: वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के गुरु कृपा कुंज आश्रम में रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। अब घटना से जुड़ा एक और CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने मामले को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सामने आए फुटेज में दीपक लोधी सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह फुटेज उस घटना के बाद का है, जिसमें उसने कथित तौर पर खुद को गंभीर रूप से घायल किया था और इसके बाद चौथी मंजिल से गिरने की बात सामने आई। वीडियो में दीपक लोधी अपना प्राइवेट पार्ट काटने के बाद सीढ़ियां चढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इसके तुरंत बाद, वह चौथी मंज़िल से कूद गए। हालांकि, CCTV फुटेज से जुड़े इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।
मौत से पहले कहां गया था दीपक?
नए CCTV फुटेज में दीपक लोधी सीढ़ियों से ऊपर जाता नजर आ रहा है। अगर जांच में फुटेज का घटनाक्रम और समय सही पाया जाता है तो यह उसकी मौत से पहले के आखिरी पलों की अहम कड़ी हो सकता है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दीपक लोधी ने ऐसा कदम क्यों उठाया? उसकी मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
9 दिन बाद ट्रस्ट का बयान
घटना के करीब नौ दिन बाद राधा केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से सोशल मीडिया पर अपील जारी की गई है। आश्रम प्रबंधन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हालिया घटना से पूज्य महाराज जी और समस्त परिकर अत्यंत आहत हैं। ट्रस्ट ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है और पुलिस प्रशासन के साथ निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच में पूर्ण सहयोग करने की बात कही है।
साथ ही श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपुष्ट जानकारी, अफवाह और अनुमान के आधार पर आश्रम या पूज्य महाराज जी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला प्रचार नहीं करने की अपील की गई है।
पुलिस जांच पर भी उठ रहे सवाल
दीपक लोधी की मौत के बाद से ही मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाए। घटना के करीब नौ दिन बाद ट्रस्ट का बयान सामने आने को लेकर भी चर्चा है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ लोग पूछ रहे हैं कि मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई और जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है।
फिलहाल नए CCTV फुटेज ने दीपक लोधी की मौत के मामले को और पेचीदा कर दिया है। वह सीढ़ियों तक कैसे पहुंचा, उसके साथ घटनास्थल पर क्या हुआ और उसकी मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी—इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

