रायपुर, 25 अक्टूबर। CG Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर 2026 को मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित होगी। बैठक मंगलवार सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में होगी। आगामी धान खरीदी सीजन 2026-27 और 1 नवंबर से शुरू होने वाले राज्योत्सव के मद्देनजर इस बैठक पर सबकी नजरें रहेंगी।
धान खरीदी और राज्योत्सव पर हो सकती है चर्चा
कैबिनेट बैठक में धान खरीदी सीजन की तैयारियों, राज्योत्सव और कर्मचारी संगठनों की मांगों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी सामने नहीं आया है, इसलिए किन प्रस्तावों पर मुहर लगेगी, यह बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।
पिछली बैठक में पूर्व अग्निवीरों की भर्ती को मंजूरी
इससे पहले 11 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में पूर्व अग्निवीरों को राज्य की सेवाओं में अवसर देने के उद्देश्य से गृह विभाग में आरक्षक के 36 रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई थी। इन पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए श्रेणीवार 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी पहले किया जा चुका है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ करने का निर्णय लिया गया था।
बैठक के बाद फैसलों की मिलेगी जानकारी
27 अक्टूबर की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा मीडिया को दिए जाने की बात कही गई है। अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि सरकार धान खरीदी, राज्योत्सव और अन्य प्रशासनिक विषयों पर क्या निर्णय लेती है।

