रायगढ़, 27 अक्टूबर। Thief Arrested: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सरकारी राशन दुकानों से चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुसौर पुलिस ने GPS ट्रैकर की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा व इनोवा कार समेत कुल ₹38.60 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर, पुलिस ने ऐसे पकड़ा गिरोह
पुसौर थाना क्षेत्र में लगातार शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। चोरों की पहचान करने के लिए पुलिस ने राशन दुकान संचालकों को GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी। इसी दौरान एक शक्कर की बोरी में ट्रैकर छिपाया गया। 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की राशन दुकान में चोरी हुई। आरोपी ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी ले गए। GPS के संकेतों का पीछा करते हुए पुलिस टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां ट्रैकर लगी बोरी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चार आरोपी चोरी में शामिल, एक पर चोरी का माल खरीदने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में समीर आलम, मोहम्मद हफीज, संतोष कुमार माहेश्वरी, डमरूधर खूंटे और सेवाल कुजूर शामिल हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चार आरोपियों पर चोरी में शामिल होने और सेवाल कुजूर पर चोरी का माल खरीदने से संबंधित आरोप सामने आए हैं।
तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। मामले में नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
₹38.60 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने अब तक 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर, जिनकी अनुमानित कीमत ₹3.60 लाख बताई गई है, बरामद की है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल क्रेटा और इनोवा कार की अनुमानित कीमत ₹35 लाख है। इस तरह कुल ₹38.60 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में पुसौर, घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों या सहयोगियों की संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

