रायपुर, 02 नवंबर। CG Transfer Ban: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों को लेकर राज्य शासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों और कर्मचारियों का आगामी 6 महीने तक अथवा जनगणना का काम पूरा होने तक, जो भी पहले हो, यथासंभव स्थानांतरण नहीं करने का अनुरोध किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 2 नवंबर 2026 को जारी पत्र में जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का काम सुचारु, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए यह निर्देश दिया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, जनगणना निदेशालय छत्तीसगढ़ ने 29 अक्टूबर 2026 को राज्य शासन को पत्र भेजकर जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण नहीं करने का अनुरोध किया था। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों को यथासंभव रोकने के संबंध में निर्देश जारी किया है। इसमें जिला जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, प्रगणक और पर्यवेक्षक सहित जनगणना कार्य में लगे प्रशिक्षित मैदानी अमले को शामिल किया गया है।
जनवरी-फरवरी 2027 में होगी जनसंख्या गणना
जनगणना 2027 का पहला चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ में 1 मई से 30 मई 2026 तक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य जनवरी-फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। इसके लिए 12 अक्टूबर 2026 से जिला जनगणना अधिकारियों, अनुविभागीय स्तर और तहसील स्तर के चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है।
दिसंबर से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
जनगणना के दूसरे चरण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।
- नवंबर 2026 में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण।
- 1 दिसंबर 2026 से फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण।
- 16 दिसंबर 2026 से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण।
शासन को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रशिक्षित अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला होने से नए कर्मचारियों को दोबारा प्रशिक्षण देना पड़ेगा। साथ ही उन्हें नए कार्यक्षेत्र की जानकारी और स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित करने में भी परेशानी हो सकती है। इससे जनगणना कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा प्रभावित होने की आशंका है।
कब तक नहीं होंगे तबादले?
सामान्य प्रशासन विभाग के 2 नवंबर 2026 के पत्र के अनुसार, जनगणना 2027 के दूसरे चरण में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का आगामी 6 माह अथवा जनगणना कार्य समाप्त होने तक, जो भी पहले हो, यथासंभव स्थानांतरण नहीं करने का अनुरोध किया गया है। यह निर्देश जनगणना कार्य में लगे जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए है। इसे प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारियों पर लागू सामान्य तबादला प्रतिबंध नहीं समझा जाना चाहिए।

