Balodabazar Accident Video: हाईटेंशन तार से घर की बालकनी में लगी आग, पिता-पुत्र की मौत का खौफनाक VIDEO आया सामने

Balodabazar Accident Video: हाईटेंशन तार से घर की बालकनी में लगी आग, पिता-पुत्र की मौत का खौफनाक VIDEO आया सामने

बलौदाबाजार, 06 नवंबर। Balodabazar Accident Video: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से हुए दर्दनाक हादसे का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। उसका रायपुर में इलाज जारी है। अब सामने आए वीडियो में हाईटेंशन तार से उठती आग की लपटें और घर की बालकनी में फैलती आग का भयावह मंजर दिखाई दे रहा है।

हाईटेंशन तार से निकली आग, बालकनी तक पहुंचीं लपटें

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि शॉर्ट सर्किट के बाद हाईटेंशन बिजली लाइन से भीषण आग निकलती है। देखते ही देखते आग घर की बालकनी तक फैल जाती है। आसपास मौजूद लोग इस खौफनाक मंजर को देखकर सहम जाते हैं। घटना के वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

जाला साफ करते समय करंट की चपेट में आया परिवार

जानकारी के मुताबिक, घटना नेहरू चौक की है। यहां राकेश गुप्ता के घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जो मकान से महज पांच फीट की दूरी पर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह घर में जाला साफ करते समय राकेश गुप्ता पहले हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी बिजली करंट की चपेट में आ गए।

पिता-पुत्र की मौत, मां की हालत गंभीर

इस दर्दनाक हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा पर उठे सवाल

हादसे के बाद घरों के इतने करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर रिहायशी मकान से महज पांच फीट की दूरी पर हाईटेंशन लाइन कैसे गुजर रही थी और इस तरह के हादसों को रोकने के लिए क्या सुरक्षा इंतजाम किए गए थे? फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

छत्तीसगढ