स्वास्थ्य

First ISO Cold Chain Point : स्वास्थ्य मंत्री के गृह ग्राम की ऐतिहासिक उपलब्धि…! खड़गवां सीएचसी को मिला ISO प्रमाणपत्र…सरगुजा संभाग का बना पहला स्वास्थ्य केंद्र

रायपुर, 25 अक्टूबर। First ISO Cold Chain Point : छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग का पहला ISO प्रमाणित कोल्ड चेन प्वाइंट बनने का गौरव अब मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खड़गवां ने हासिल किया है।

यह उपलब्धि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के गृह ग्राम खड़गवां में उनके सतत प्रयासों, दिशा-निर्देशों और दूरदृष्टि के परिणामस्वरूप संभव हुई है। इस सफलता के पीछे सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के कुशल मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की समर्पित टीम की अथक मेहनत का अहम योगदान रहा।

गुणवत्ता प्रबंधन और उत्कृष्टता का प्रतीक

कोल्ड चेन प्वाइंट खड़गवां को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली की सभी आवश्यकताओं के पूर्ण अनुपालन में पाया गया है, जिसके चलते इसे ISO सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया है। यह प्रमाणपत्र स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रबंधन, पारदर्शिता और दक्षता का प्रतीक माना जा रहा है।

इस प्रमाणन के साथ खड़गवां सीएचसी ने टीकों और रसद के सुरक्षित, वैज्ञानिक और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) मानकों के अनुरूप भंडारण की नई मिसाल कायम की है। यहाँ सभी टीके CFC मुक्त और WHO प्रमाणित CCE तिथि वाले उपकरणों में अनुशंसित तापमान पर सुरक्षित रखे जाते हैं।

डिजिटल और पारदर्शी प्रणाली से हुआ बेहतर प्रबंधन

यहां eVIN (Electronic Vaccine Intelligence Network) प्रणाली के माध्यम से सभी टीकों और रसद का रियल टाइम ऑनलाइन स्टॉक अपडेट किया जाता है, जिससे पारदर्शिता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

दिन में दो बार तापमान दर्ज कर टीकों की प्रभावकारिता सुनिश्चित की जाती है। साथ ही वेब-आधारित डेटा लॉगर प्रणाली से उच्चस्तरीय निगरानी भी की जा रही है।

टीकों की आपूर्ति में FIFO (First In First Out) और EEFO (Earliest Expiry First Out) दिशानिर्देशों का पालन कर शून्य अपव्यय (Zero Wastage) सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही, आवश्यकतानुसार VVM (Vaccine Vial Monitor) आधारित आपूर्ति प्रणाली भी लागू की गई है।

मॉडल स्वास्थ्य संस्थान के रूप में उभरता खड़गवां

कोल्ड चेन प्वाइंट में एक अलग ICE Pack Conditioning Area, निर्बाध बिजली आपूर्ति व्यवस्था, और उचित रैंकिंग सिस्टम वाला सूखा भंडारण क्षेत्र उपलब्ध है। यहाँ प्रशिक्षित व दक्ष मानव संसाधन की उपलब्धता ने इसे सरगुजा संभाग का मॉडल स्वास्थ्य संस्थान बना दिया है।

इसके अतिरिक्त, NCCMIS सॉफ्टवेयर के माध्यम से उपकरणों का सटीक प्रबंधन किया जा रहा है। साथ ही टीकाकरण अपशिष्ट निपटान प्रणाली को भी वैज्ञानिक और पर्यावरण हितैषी तरीके से लागू किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताया गर्व

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल खड़गवां के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य तंत्र के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है कि हर स्वास्थ्य संस्था गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बने ताकि हर नागरिक तक सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button